ओडिशा में राज्यसभा चुनाव कल, सभी भाजपा विधायक पारादीप पहुंचे
जगतसिंहपुर, 15 मार्च (आईएएनएस)। ओडिशा में राज्यसभा चुनाव कल यानी 16 मार्च को होंगे। इसी सिलसिले में भाजपा के सभी 77 विधायक रविवार देर रात पारादीप पहुंच गए। रात करीब 2 बजे एक होटल में पहुंचने पर विधायकों का संगीत और पारंपरिक स्वागत किया गया।
विधायकों के ठहरने की व्यवस्था पारादीप के मेफेयर होटल में की गई है। आज यहां सभी विधायकों को राज्यसभा मतदान प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वे एक छद्म मतदान केंद्र पर मॉक वोटिंग अभ्यास में भी भाग लेंगे। मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी भी आज पारादीप पहुंचने वाले हैं। राज्यसभा चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक चंद्रशेखर बावनकुले, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल, दोनों उपमुख्यमंत्री, और प्रदेश प्रभारी विधायकों से चर्चा करेंगे।
प्रशिक्षण सत्र के बाद सोमवार को सभी विधायकों को बस से पार्टी के प्रदेश मुख्यालय ले जाया जाएगा और वहां से मतदान केंद्र ले जाकर उन्हें वोट डालने के लिए भेजा जाएगा। विधायकों के ठहरने के लिए पारादीप में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
गौरतलब है कि राज्यसभा चुनाव से पहले संभावित ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ की आशंका के बीच कांग्रेस ने ओडिशा के अपने 9 विधायकों को कर्नाटक के बेंगलुरु पहले ही भेज दिया है। इसलिए शुक्रवार को विधानसभा की कार्यवाही के दौरान केवल पांच कांग्रेस विधायक मौजूद थे। इनमें कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता रामचंद्र कदम, वरिष्ठ विधायक तारा प्रसाद बहिनिपति, विधायक सोफिया फिरदौस, रमेश जेना और दसरथी गमांगो शामिल थे।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार देर रात छह विधायक बेंगलुरु पहुंचे। बेंगलुरु एयरपोर्ट पहुंचने वालों में अशोक कुमार दास, सी.एस. राझेन एक्का, कद्राका अप्पलास्वामी, मंगु खिल्ला, नीलमाधव हिकाका, पबित्र सौंता, प्रफुल्ल चंद्र प्रधान, सागर चरण दास और सत्यजीत गमांगो शामिल हैं। कांग्रेस विधायक दल के नेता रामचंद्र कदम ने विधायकों को बेंगलुरु भेजे जाने की पुष्टि की थी। उन्होंने बताया था कि ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष भक्त चरण दास भी विधायकों के साथ बेंगलुरु में मौजूद हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 March 2026 11:49 AM IST












