राजभर ने अखिलेश को घेरा, कहा-जेपीएनआईसी के 865 करोड़ का हिसाब दीजिए और अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाइए

राजभर ने अखिलेश को घेरा, कहा-जेपीएनआईसी के 865 करोड़ का हिसाब दीजिए और अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाइए
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है।

लखनऊ, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है।

लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर राजभर ने जेपीएनआईसी के निर्माण पर खर्च हुए 865 करोड़ रुपये को लेकर सवाल उठाए और संचालन समिति में अखिलेश यादव के साथ डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव और सैफई परिवार के सदस्यों को शामिल किए जाने पर जवाब मांगा। उन्होंने अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती स्वीकार करने की बात दोहराते हुए अखिलेश यादव पर तंज भी कसा।

राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, "अखिलेश यादव, आज भारत रत्न लोकनायक जय प्रकाश नारायण जी की पावन जयंती है। उन्हें सादर नमन करते हुए आप से बस यही पूछना चाहता हूं कि आखिर लोकनायक के नाम पर आपने जेपीएनआईसी जैसा लूट का अड्डा बनाने का जो हसीन सपना पाला था, उसे 865 करोड़ रुपये खर्च करके भी अधूरा क्यों छोड़ दिया?" बता दीजिए 865 करोड़ में आपके जेब में कितना गया? जेपीएनआईसी की संचालन समिति में आपने खुद को रखा, डिंपल, धर्मेंद्र यादव और सैफई परिवार को क्यों बैठा रखा?

राजभर ने आगे कहा, "जनता के पैसों से बनी इमारत के संचालन में परिवार को क्यों घुसा रखा था? आखिर वहां बनने वाले होटल, क्लब, जिम की कमाई किसकी जेब में जानी थी? जवाब जरूर दीजिएगा। और हां...सीएम योगी ने अयोध्या से लड़ने की आपकी चुनौती स्वीकार कर ली है। अब पीछे नहीं भागिएगा। वरना आपके लोडर कहेंगे कि हमारा नेता एसी, पीसी और ट्विटर से बाहर ही नहीं निकलता है।"

राजभर ने कहा, "आइये, महाराज, भरिए अयोध्या से नामांकन और लड़िए। इसी बहाने आपको जमीनी सच्चाई तो पता चले कि इटावा-मैनपुरी के यादवलैंड के बाहर आपकी स्थिति क्या है। बस आखिर में इतना ही कहूंगा कि पीठ दिखाकर भागिएगा नहीं।"

राजभर ने इस पोस्ट के जरिए जेपीएनआईसी परियोजना की लागत, उसके अधूरे निर्माण और प्रस्तावित सुविधाओं के संचालन को लेकर अखिलेश यादव से सवाल भी किए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 Oct 2026 10:44 AM IST

Tags

Next Story