ओमप्रकाश राजभर ने यादव समाज पर फिर साधा निशाना, पिछड़ों पर अत्याचार का आरोप दोहराया
बलिया, 2 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने यादव समाज को लेकर दिए गए अपने विवादित बयान को शनिवार को फिर दोहराया है। इससे राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।
राजभर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "यादव समाज पहले मुगलों की फौज में भर्ती होकर पिछड़ों को मारता था, फिर अंग्रेजों की फौज में शामिल होकर यही काम किया और अब पुलिस में भर्ती होकर पिछड़ों पर अत्याचार कर रहा है।"
उन्होंने कई घटनाओं का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि मऊ में उनके समुदाय की एक बेटी की हत्या यादव ने की, बाराबंकी में राजभर के बेटे का सिर काट दिया गया। उन्होंने एक और मामला बताते हुए कहा, "राजभर बर्फ बेचता था, पैसा मांगा तो यादव ने उसकी गर्दन काट दी।" जौनपुर में भी एक बिंद युवक को गोली मारकर मार दिए जाने का उदाहरण दिया।
राजभर ने कहा कि जो लोग दूध बेचकर अपने बच्चों की फीस भरते हैं, यादव आज भी उसी काम में लगा हुआ है।
इससे पहले राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर आरोप लगाते हुए कहा था कि वे पिछड़ों को आपस में लड़ाते हैं। उनका कहना है कि यादव समाज को पिछड़ों के बीच फूट डालने का काम किया जा रहा है।
ओमप्रकाश राजभर ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के सार्वजनिक स्थानों पर नमाज न पढ़ने संबंधी आदेश का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि नमाज पढ़ने के लिए मस्जिदें बनी हैं और पूजा के लिए मंदिर, इसलिए सार्वजनिक जगहों पर नमाज पढ़ने की कोई जरूरत नहीं है।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को सुप्रीम कोर्ट से मिली अग्रिम जमानत पर राजभर ने कहा कि न्यायालय का आदेश सर्वोपरि है, सभी को इसका सम्मान करना चाहिए।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजभर ने दावा किया कि इस बार वहां भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 May 2026 5:34 PM IST












