वनडे विश्व कप 2027 की सह-मेजबानी जिम्बाब्वे के लिए बहुत बड़ा सम्मान तवेंग्वा मुकुहलानी
हरारे, 31 जुलाई (आईएएनएस)। वनडे विश्व कप 2027 का आयोजन दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होना है। जिम्बाब्वे क्रिकेट के प्रमुख तवेंग्वा मुकुहलानी ने शुक्रवार को कहा कि विश्व कप का सह-मेजबान होना हमारे लिए बड़ा सम्मान है। उन्होंने कहा कि यह अवसर वैश्विक क्रिकेट टूर्नामेंट को आयोजित करने की हमारी क्षमता पर भरोसे का प्रतीक है।
जिम्बाब्वे क्रिकेट के एक बयान में मुकुहलानी ने कहा, "आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 को आयोजित करने की हमारी यात्रा में यह एक और अहम पड़ाव है। हरारे, बुलावायो और विक्टोरिया फॉल्स को मेजबान शहर के तौर पर घोषित किया जाना जिम्बाब्वे के लिए बहुत बड़ा सम्मान है और विश्वस्तरीय क्रिकेट इवेंट्स कराने की हमारी क्षमता पर भरोसा दिखाता है।"
उन्होंने कहा, "यह टूर्नामेंट न केवल हमारे क्रिकेट को बल्कि जिम्बाब्वे के लोगों, संस्कृति, आतिथ्य और शानदार पर्यटन जगहों को दुनिया भर के दर्शकों के सामने दिखाने का एक खास मौका देता है। दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया में अपने सहयोगियों के साथ, हम एक यादगार क्रिकेट वर्ल्ड कप देने की उम्मीद करते हैं जो हमारे महादेश की भावना को दिखाता है।"
जिम्बाब्वे क्रिकेट के प्रबंध निदेशक गिवमोर माकोनी ने कहा कि एक स्थायी छाप छोड़ने के लिए तैयारियां पहले से ही जोरों पर हैं। हमारे तीन वेन्यू का घोषित होना उन सभी के लिए एक रोमांचक पल है जिन्होंने इस इवेंट को सफल बनाने के लिए पर्दे के पीछे बहुत मेहनत की है। हमारी तैयारी अच्छी चल रही है। इस घोषणा से हमें और भी ज्यादा गति मिली है क्योंकि हम आईसीसी और अपने साथी मेजबान के साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे ताकि यह पक्का हो सके कि टूर्नामेंट का हर पहलू सबसे ऊंचे और अंतरराष्ट्रीय स्तर का हो।
उन्होंने कहा, "क्रिकेट के अलावा, हम वर्ल्ड कप को आधारभूत संरचनाओं के विकास, पर्यटन, आर्थिक गतिविधियों और जिम्बाब्वे के क्रिकेटरों की अगली पीढ़ी को प्रेरित करके एक स्थायी विरासत छोड़ने के मौके के तौर पर देखते हैं।"
आईसीसी ने वनडे विश्व कप 2027 के लिए दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के 12 वेन्यू का चयन किया है। इसमें जिम्बाब्वे के हरारे, बुलावायो और विक्टोरिया फॉल्स शामिल हैं। विक्टोरिया फॉल्स में विश्व कप के मद्देनजर नए स्टेडियम का निर्माण हो रहा है।
अफ्रीका महादेश में आखिरी बार 2003 में वनडे विश्व कप का आयोजन हुआ था जिसकी मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या ने किया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   31 July 2026 5:04 PM IST












