ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तंज, बोले-आपके पीडीए में 'डी' का मतलब दूर से प्रणाम होता जा रहा

ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तंज, बोले-आपके पीडीए में डी का मतलब दूर से प्रणाम होता जा रहा
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सोशल मीडिया के जरिए जमकर निशाना साधा है। उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट करके अखिलेश यादव के पीडीए फॉर्मूले पर सवाल उठाए हैं।

लखनऊ, 5 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सोशल मीडिया के जरिए जमकर निशाना साधा है। उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट करके अखिलेश यादव के पीडीए फॉर्मूले पर सवाल उठाए हैं।

ओम प्रकाश राजभर ने एक्स पर पोस्ट किया, "अखिलेश यादव, ले लिए सब का हाल-समाचार? ऐसा लगता है कि आपके 'पीडीए' में 'डी' का मतलब दूर से प्रणाम होता जा रहा है।"

राजभर ने लिखा, "रामपुर जाकर 'ए' से मिल लिए, बनारस में स्वजातीय वाले 'पी' के घर-दुकान हो लिए और लगे हाथ नाम करने के लिए 'डी' सांसद के महल में टहल आए।"

उन्होंने अखिलेश यादव के पुराने शासनकाल पर भी निशाना साधा। राजभर ने लिखा, "वैसे भी आपके राज में 'पी' और 'ए' के बीच असली ‘डी’ यानी दलित की स्थिति दयनीय ही रही।"

उन्होंने कहा, "वैसे, कभी मौका मिले तो आज नए उत्तर प्रदेश में किसी भी असली 'डी' की स्थिति देखने उनके आवास पर जाइएगा, उनका घर अब पक्का है, शौचालय बना है, उनकी महिलाएं स्वयं सहायता समूह से भी जुड़ दो पैसे कमा रही हैं और उनके बच्चों को अच्छी शिक्षा और रोजगार भी मिल रहा है। जो आपकी सरकार ने पहले इसी 'डी' से जबरन लूट लिया था।"

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को सलाह देते हुए लिखा, "महाराज, जमीन पर उतरिए। सिर्फ अपने वालों के यहां नहीं, बल्कि आम जनता से भी मिलिए, तभी तो जानेंगे कि आपके कुशासन की तुलना में वर्तमान शासन में क्या क्या बदल गया है। सोचिएगा जरूर।"

उन्होंने अपनी पोस्ट के अंत में लिखा, "जय भारत, जय श्री राम, जय श्री कृष्ण, जय परशुराम, जय महाराजा सुहेलदेव।"

अखिलेश यादव हमेशा से कहते आए हैं कि पीडीए का मतलब केवल पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें समाज का वह हर वर्ग शामिल है जो उत्पीड़न, पीड़ा, दुख या अपमान का सामना कर रहा है। ब्राह्मण समुदाय को लेकर बयान में उन्होंने यह भी कहा था कि 'पीडीए' में 'पी' का मतलब 'पंडित' से भी है और यदि कोई ब्राह्मण भी पीड़ित है तो वह इस दायरे का हिस्सा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story