ऑपरेशन ‘एपिक फ्यूरी’ में 13 अमेरिकी सैनिकों की मौत, 365 घायल पेंटागन
वाशिंगटन, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका के रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने पहली बार 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' में हुए सैन्य नुकसान के आधिकारिक आंकड़े सार्वजनिक किए हैं। ये आंकड़े रक्षा विभाग के 'डिफेंस कैजुएल्टी एनालिसिस सिस्टम' (डीसीएएस) में जोड़े गए हैं, जिससे इस अभियान में हताहतों की पुष्टि अब सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हो गई है।
पेंटागन के अनुसार, 28 फरवरी 2026 को अमेरिकी राष्ट्रपति के आदेश पर शुरू हुए इस संयुक्त सैन्य अभियान में अब तक 13 अमेरिकी सैनिकों की मौत हुई है, जबकि 365 सैनिक घायल हुए हैं। यह पहली बार है जब इस ऑपरेशन से जुड़े हताहतों का आधिकारिक और सत्यापित विवरण सामने आया है।
डीसीएएस में दर्ज आंकड़ों के मुताबिक, घायल सैनिक विभिन्न सैन्य शाखाओं से हैं। इनमें सबसे अधिक 247 सैनिक अमेरिकी थलसेना (आर्मी) से हैं, जबकि नौसेना (नेवी) के 63, वायु सेना (एयर फोर्स) के 36 और मरीन कॉर्प्स के 19 जवान घायल हुए हैं।
‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ की शुरुआत 28 फरवरी को हुई थी और यह अभियान ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच शुरू किया गया था। हालांकि, इस ऑपरेशन के उद्देश्यों और जमीनी स्थिति को लेकर अब तक सीमित जानकारी ही सार्वजनिक की गई है।
आधिकारिक आंकड़ों के जारी होने से इस संघर्ष की वास्तविक गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। अब तक हताहतों के बारे में केवल अनुमान ही लगाए जा रहे थे, लेकिन पेंटागन द्वारा पुष्टि के बाद स्थिति अधिक स्पष्ट हो गई है।
डीसीएएस का रखरखाव डिफेंस मैनपावर डाटा सेंटर करता है, और यह 'डिपार्टमेंट ऑफ डिफेंस' के लिए मारे गए सैनिकों का सत्यापित डेटा प्रस्तुत करता है। यह उसके आधिकारिक भंडार के रूप में कार्य करता है। जिसमें उन अमेरिकी कर्मियों का नाम होता है जो सैन्य अभियानों में मारे गए हैं, घायल हुए हैं, लापता हैं, या किसी अन्य प्रकार से चोटिल हुए हैं।
यह प्रणाली अलग-अलग सेवाओं से प्राप्त रिपोर्टों को एकत्रित करती है, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि सार्वजनिक रूप से जारी किए गए आंकड़े पुष्ट और तय मानकों के अनुरूप हों। यह डेटाबेस संघर्ष, शाखा, हताहत के प्रकार और वर्ष के आधार पर विस्तृत विवरण प्रदान करता है, जिसमें संदर्भ के लिए परिभाषाएं और व्याख्यात्मक टिप्पणियां भी उपलब्ध हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2026 5:26 PM IST











