'ऑपरेशन रिजीम चेंज' पर गरमाई सियासत, सीएम धामी बोले- देश को अस्थिर करने की साजिश बर्दाश्त नहीं

देहरादून, 3 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा के 'ऑपरेशन रिजीम चेंज' स्टिंग ऑपरेशन को लेकर देशभर में सियासी घमासान तेज हो गया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस मामले पर कड़ा रुख अपनाया है। सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भाजपा के आधिकारिक हैंडल से किए गए एक पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए साजिशकर्ताओं पर निशाना साधा।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पोस्ट में लिखा, "लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर देश की शांति, सामाजिक सौहार्द और संवैधानिक संस्थाओं को अस्थिर करने की किसी भी साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। 'ऑपरेशन रिजीम चेंज' स्टिंग में राष्ट्र में अशांति फैलाने के कई गंभीर पहलुओं को उजागर किया गया है।"
उन्होंने आगे लिखा कि देश की जनता सब समझती है। विरोध के नाम पर अराजकता फैलाने, पुलिस की छवि धूमिल करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को बदनाम करने की कोशिशों का पर्दाफाश होना चाहिए। देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मर्यादाओं से खिलवाड़ करने वालों को कानून के दायरे में जवाबदेह बनाना आवश्यक है।
इससे पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल से एक वीडियो पोस्ट शेयर किया था, जिसमें 'ऑपरेशन रिजीम चेंज' को देश को सुलगाने वाली साजिश का सबसे बड़ा खुलासा बताया गया था। भाजपा ने पोस्ट में लिखा था, "ऑपरेशन रिजीम चेंज... देश को सुलगाने वाली साजिश का सबसे बड़ा बेनकाब। इस खौफनाक साजिश का पहला गंदा चेहरा है, शाफवान कुड्ड़कन!"
भाजपा ने आरोप लगाया कि स्टिंग में साफ सुना जा सकता है कि कैसे लड़कियों को ढाल बनाकर दिल्ली पुलिस की छवि खराब करने, चुनी हुई सरकार को बदनाम करने और पूरे देश को अराजकता की आग में झोंकने का टूल किट तैयार किया गया। पार्टी ने कहा कि लोकतंत्र बचाने का ढोंग करने वालों की असलियत अब बेनकाब हो चुकी है। यह विरोध नहीं, देश के खिलाफ सीधी जंग है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
