पाकिस्तान केपी में संदिग्ध ड्रोन हमला, तीन बच्चियों की मौत और चार घायल
इस्लामाबाद, 5 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा (केपी) प्रांत के लोअर साउथ वजीरिस्तान जिले में रविवार तड़के हुए एक संदिग्ध क्वाडकॉप्टर (ड्रोन) हमले में तीन बच्चियों की मौत हो गई, जबकि उसी परिवार के चार अन्य सदस्य घायल हो गए। स्थानीय मीडिया ने इसकी जानकारी दी।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, बिरमल तहसील के नरगासी इलाके में एक घर पर संदिग्ध क्वाडकॉप्टर ड्रोन से विस्फोटक गिराए गए। हमले में 6 से 15 साल की उम्र की तीन बच्चियों की जान चली गई। घायलों में एक महिला और तीन छोटे लड़के शामिल हैं, जिन्हें इलाज के लिए वाना के जिला मुख्यालय (डीएचक्यू) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रमुख अंग्रेजी दैनिक डॉन के अनुसार, घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
हालांकि, अब तक पाकिस्तान की संबंधित सरकारी एजेंसियों या सुरक्षा बलों की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। न ही हमले की प्रकृति, कारण या जिम्मेदार पक्ष की पुष्टि की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिरमल तहसील के कई इलाकों में पहले भी ऐसे संदिग्ध क्वाडकॉप्टर हमले हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान गई है। इन घटनाओं के चलते इलाके में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
निवासियों का आरोप है कि पिछले डेढ़ साल में लोअर साउथ वजीरिस्तान की सुरक्षा स्थिति लगातार बिगड़ी है। बम धमाकों, टारगेट किलिंग, फिरौती के लिए अपहरण, उगाही और सुरक्षा बलों पर हमलों की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है।
स्थानीय समुदाय ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए सरकार से कानून-व्यवस्था बहाल करने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
गौरतलब है कि इसी सप्ताह हसन खेल इलाके में एक अन्य संदिग्ध ड्रोन हमले में एक महिला की मौत हो गई थी और उसके परिवार के छह सदस्य घायल हुए थे। वहीं, बाजौर जिले में भी हाल के दिनों में संदिग्ध क्वाडकॉप्टर हमलों में कई लोगों की मौत और घायल होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 July 2026 1:23 PM IST












