पाकिस्तानी कॉस्मेटिक उत्पादों पर भाजपा नेता ने उठाए सवाल, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और सीएम को लिखा पत्र
मुंबई, 18 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा नेता नीलोत्पल मृणाल पांडे ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर पाकिस्तानी कॉस्मेटिक उत्पादों की बिक्री को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने इस मुद्दे पर महाराष्ट्र एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के अलावा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।
नीलोत्पल मृणाल ने आईएएनएस से कहा कि यह मामला केवल 'मेड इन पाकिस्तान' उत्पादों की बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सीधे तौर पर देश की सुरक्षा और राष्ट्रीय हित से जुड़ा हुआ मुद्दा है। 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के कुछ कॉस्मेटिक उत्पादों पर प्रतिबंध लगाया था।
उन्होंने दावा किया कि सरकार ने जिन उत्पादों पर रोक लगाई थी, उनमें कुछ फेयरनेस क्रीम भी शामिल थीं। इन उत्पादों में पारा और लेड जैसे हानिकारक तत्व पाए गए थे, जिन्हें स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बताया गया था।
भाजपा नेता का आरोप है कि इसके बावजूद कुछ ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर ऐसे पाकिस्तानी उत्पाद उपलब्ध होने की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि यदि प्रतिबंधित या संदिग्ध उत्पाद अब भी बाजार या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिक रहे हैं, तो इसकी गंभीर जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
नीलोत्पल मृणाल ने लोगों से भी अपील की कि वे विदेशी, खासकर पाकिस्तान से आने वाले ऐसे उत्पादों का इस्तेमाल न करें। उन्होंने कहा कि भारत में भी अच्छी गुणवत्ता वाले कॉस्मेटिक उत्पाद बनाए जाते हैं, इसलिए लोगों को स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
उन्होंने यह भी दावा किया कि ऐसे उत्पादों से होने वाली कमाई का इस्तेमाल गलत गतिविधियों और आतंकवाद में होने की आशंका जताई जाती रही है, इसलिए नागरिकों को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पत्र भेज दिया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 July 2026 7:16 PM IST












