पंचकूला में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दोनों आरोपियों के पैर में लगी गोली

पंचकूला में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दोनों आरोपियों के पैर में लगी गोली
हरियाणा के पंचकूला में सोमवार रात ताऊ देवी लाल स्टेडियम के पीछे पुलिस और दो युवकों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में दोनों युवकों के बाएं पैर में गोली लगी, दोनों को उपचार के लिए सेक्टर-6 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पंचकूला, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। हरियाणा के पंचकूला में सोमवार रात ताऊ देवी लाल स्टेडियम के पीछे पुलिस और दो युवकों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में दोनों युवकों के बाएं पैर में गोली लगी, दोनों को उपचार के लिए सेक्टर-6 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर सेक्टर-3 के पास नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। पुलिस टीम को देखकर दोनों ने कथित तौर पर भागने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान युवकों ने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से पांच गोलियां चलाईं।

फायरिंग के दौरान एक गोली पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी जबकि दूसरी गोली पुलिस की सरकारी गाड़ी में लगी। इसके बाद पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। इस दौरान दोनों युवकों के बाएं पैर में गोली लगी।

घायल युवकों की पहचान अर्शदीप सिंह और जुगराज सिंह के रूप में हुई है। दोनों पंजाब के अमृतसर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, मौके से दो पिस्टल भी बरामद की गई हैं। हालांकि, बरामद हथियारों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

पुलिस का दावा है कि दोनों युवकों के संबंध लॉरेंस बिश्नोई और आरजू बिश्नोई गैंग से हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों कथित तौर पर ट्राइसिटी में किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे थे। हालांकि, वे किस वारदात की योजना बना रहे थे और उनका संभावित निशाना कौन था, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है।

घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचीं और साक्ष्य जुटाए। मामले में सेक्टर-20 थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क, हथियारों के स्रोत और संभावित आपराधिक साजिश के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों आरोपी पंचकूला में किस उद्देश्य से आए थे और क्या वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 Oct 2026 10:07 AM IST

Tags

Next Story