तमिलनाडु से श्रीलंका तक समुद्र के रास्ते तस्करी की कोशिश नाकाम, 60 लाख के बीड़ी पत्ते जब्त
थूथुकुडी, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु के थूथुकुडी जिले में समुद्र के रास्ते श्रीलंका बीड़ी के पत्ते तस्करी करने की एक बड़ी कोशिश को क्यू ब्रांच पुलिस ने नाकाम कर दिया है। पुलिस ने तटीय इलाके से लगभग 60 लाख रुपये कीमत के बीड़ी पत्तों से लदी एक लोड वैन को जब्त किया है। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, क्यू ब्रांच की इंस्पेक्टर विजया अनीता को गुप्त सूचना मिली थी कि तिरुचेंदूर तालुक पुलिस स्टेशन की सीमा में आने वाले वीरपांडियनपट्टिनम इलाके में 'सूर्या टिम्बर डिपो' के उत्तर की तरफ स्थित तटीय क्षेत्र से नाव के जरिए श्रीलंका के लिए बीड़ी के पत्तों की तस्करी की तैयारी चल रही है।
इस इनपुट के आधार पर क्यू ब्रांच की टीम ने इलाके में गश्त बढ़ा दी थी। गश्त के दौरान देर रात 2:40 बजे पुलिस को वीरपांडियनपट्टिनम में सूर्या टिम्बर डिपो के उत्तर में समुद्र तट की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक संदिग्ध टाटा 407 लोड वैन खड़ी मिली।
पुलिस ने जब वैन की तलाशी ली तो उसमें बीड़ी के पत्तों से भरी लगभग 40 बोरियां लदी हुई थीं। हर बोरी का वजन करीब 35 किलोग्राम बताया जा रहा है। यानी कुल मिलाकर करीब 1400 किलोग्राम बीड़ी पत्ता तस्करी के लिए लाया गया था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इन बोरियों को तट पर खड़ी नाव के जरिए श्रीलंका भेजने की योजना थी।
पुलिस को देखते ही तस्करी में शामिल लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने मौके से वैन को जब्त कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जब्त किए गए बीड़ी पत्तों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है। नियमानुसार जब्त माल और वाहन को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम्स विभाग को सौंपा जाएगा।
वहीं, फरार तस्करों की पहचान के लिए पुलिस वैन के रजिस्ट्रेशन और स्थानीय नेटवर्क के आधार पर जांच कर रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 Oct 2026 9:47 AM IST












