नवरात्रि के तीसरे दिन पीएम मोदी ने देवी स्तुति का वीडियो किया साझा, मां चंद्रघंटा से की मंगलकामना
नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से नवरात्रि के तीसरे दिन मंगलवार को साहस, शांति और दिव्य शक्ति की देवी मां चंद्रघंटा की स्तुति की। इस दौरान पीएम की ओर से सोशल मीडिया पर देवी दुर्गा को समर्पित एक भजन 'छोट्टानिक्कारा भगवती' का यूट्यूब लिंक भी शेयर किया गया।
पीएम ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, "नवरात्रि में आज साहस, शांति और दिव्य शक्ति की देवी मां चंद्रघंटा की करबद्ध वंदना! उनकी कृपा से सबका कल्याण हो। सभी का जीवन सुख-सौभाग्य एवं सफलता से सदैव परिपूर्ण रहे, यही मंगलकामना है।" इसके साथ ही उन्होंने मां को समर्पित एक भजन 'छोट्टानिक्कारा भगवती' का यूट्यूब लिंक भी शेयर किया।
नवरात्रि के तीसरे दिन मंगलवार को देवी चंद्रघंटा की पूजा की जाती है। माता के मस्तक पर घंटे के आकार का अर्धचंद्र सुशोभित है, जिसके कारण इन्हें 'चंद्रघंटा' कहा जाता है। देवी चंद्रघंटा के दस हाथ हैं, जिनमें खड्ग, बाण और अन्य अस्त्र-शस्त्र सुशोभित रहते हैं। मां का वाहन शेर है। मां का स्वरूप साहस, शौर्य, शांति और दुष्ट शक्तियों का नाश करने वाला माना जाता है।
मां चंद्रघंटा साहस, शौर्य, शांति और दिव्य शक्ति की प्रतीक मानी जाती हैं। इनकी घंटे की गूंज से नकारात्मक शक्तियां और राक्षस दूर भागते हैं। मां की पूजा करने के दौरान लाल, सफेद, पीले या सुनहरे वस्त्र पहनना शुभ माना जाता है। मां चंद्रघंटा को लाल रंग के फूल, विशेष रूप से गुड़हल का फूल बहुत प्रिय है। मां चंद्रघंटा को दूध, खीर या दूध से बनी मिठाई का भोग लगाया जाता है।
मां चंद्रघंटा का मंत्र, "पिंडजप्रवरारूढा, चंडकोपास्त्रकैर्युता। प्रसादं तनुते मह्यं, चंद्रघंटेति विश्रुता।" है। इस मंत्र का हिंदी भावार्थ है कि श्रेष्ठ सिंह (या बाघ) पर सवार रहने वाली, भयंकर क्रोध और अस्त्र-शस्त्रों से युक्त तथा चंद्रघंटा के नाम से जानी जाने वाली मां दुर्गा मुझ पर अपनी कृपा और प्रसाद (आशीर्वाद) प्रदान करें।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 Oct 2026 9:47 AM IST












