पप्पू यादव बोले- 'नेताओं की जिंदगी में अय्याशी के अलावा कुछ नहीं', बेगूसराय की घटना के बाद महिला सुरक्षा पर पूछे सवाल
पटना, 30 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा है कि नेताओं की जिंदगी में 'शराब, शबाब और अय्याशी' के अलावा कुछ नहीं है। सांसद ने महिलाओं की सुरक्षा का भी मुद्दा उठाया और कहा कि महिलाएं घर, स्कूल, कोचिंग सेंटर, शेल्टर होम या हॉस्टल में भी सुरक्षित नहीं हैं।
बेगूसराय में होटल के अंदर युवती के साथ कथित दुष्कर्म और मारपीट मामले पर पप्पू यादव ने कहा, "कल की घटना को देखा जाना चाहिए। अगर मेरा बस चले तो मैं आरोपी को 100 गोली मरवा दूं। जिस तरीके से बच्ची को बेरहमी से होटल में मारा गया, वह निंदनीय है। अगर कानून इजाजत दे तो उस आरोपी को एक मिनट भी जाने का हक नहीं है।"
सांसद पप्पू यादव ने कहा, "अब महिलाएं घर पर भी सुरक्षित नहीं हैं। वे पड़ोसियों, शिक्षकों, सार्जेंट मेजर, पुलिस सब-इंस्पेक्टरों की हिंसा से सुरक्षित नहीं हैं। लड़कियां स्कूलों, कोचिंग सेंटरों, शेल्टर होम या हॉस्टलों में सुरक्षित नहीं हैं। वे कहां सुरक्षित रहेंगी? महिलाओं की सुरक्षा के बारे में बेकार की बातें करना बंद करें।"
उन्होंने सवाल किया कि इस देश में महिलाएं कब सुरक्षित रही हैं? बेटों पर कोई बात क्यों नहीं करता है। सारी रोकटोक और बातें बेटियों पर ही क्यों आती हैं? पप्पू यादव ने कहा कि बेटियों के लिए देश में कोई कानून ही नहीं है।
इसी बीच, सांसद ने राजनीतिक दलों के नेताओं पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, "नेताओं की बात छोड़ देनी चाहिए, क्योंकि जिंदगी में 'शराब, शबाब और अय्याशी' के अलावा कुछ नहीं है। बाकी जात-पात और हिंदू-मियां के मुद्दे होते हैं। इन चार चीजों के अलावा नेताओं की डिक्शनरी में कुछ नहीं है।"
बिहार में बाढ़ की स्थिति पर पप्पू यादव ने कहा,, "दवाइयां उपलब्ध नहीं थीं और कम्युनिटी किचन बहुत कम संख्या में खोले गए थे। मुझे मंगलवार को कम से कम 20,000 गरीब परिवारों को 500-500 रुपए देने पड़े और उनकी मदद करनी पड़ी।"
सांसद ने कहा, "मेरा सवाल है कि 2024 में बगहा में तटबंध क्यों टूटा और अब यह फिर क्यों टूट गया? इसके लिए कौन जिम्मेदार है? सिंचाई मंत्री को बर्खास्त करें। या तो उन्हें बर्खास्त करें या उनसे इस्तीफा मांगें। आप (मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी) आज बेतिया जा रहे हैं, तो जाने से पहले मंत्री को बर्खास्त करें या उनका इस्तीफा साथ ले जाएं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Sept 2026 12:44 PM IST












