परिवारवाद, भ्रष्टाचार, जाति और हिंसा की राजनीति से आगे नहीं बढ़ी राजद तो खत्म होगा अस्तित्व गुरु प्रकाश पासवान

परिवारवाद, भ्रष्टाचार, जाति और हिंसा की राजनीति से आगे नहीं बढ़ी राजद तो खत्म होगा अस्तित्व गुरु प्रकाश पासवान
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 30वें स्थापना दिवस पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जब ​​तक पार्टी परिवार-केंद्रित राजनीति से आगे नहीं बढ़ेगी, उसे अस्तित्व के संकट का सामना करना पड़ता रहेगा।

पटना, 5 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 30वें स्थापना दिवस पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जब ​​तक पार्टी परिवार-केंद्रित राजनीति से आगे नहीं बढ़ेगी, उसे अस्तित्व के संकट का सामना करना पड़ता रहेगा।

भाजपा प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "राष्ट्रीय जनता दल ने 30 साल पूरे कर लिए हैं, लेकिन इस मौके पर उसे आत्म-मंथन करने की भी जरूरत है। उनको सलाह है कि परिवारवाद, जाति और हिंसा की राजनीति, भ्रष्टाचार और अपराध से आगे बढ़ेंगे तो आपके दल में आपकी राजनीतिक आकांक्षाओं को पूरा किया जा सकता है।"

उन्होंने लालू परिवार पर निशाना साधते हुए कहा, "पूरा परिवार राजनीति में है। लालू यादव के अलावा पत्नी राबड़ी देवी, बेटा तेजस्वी यादव, बेटी मीसा भारती, बेटा तेज प्रताप यादव और बेटी रोहिणी आचार्य सभी राजनीति में हैं। जब ​​तक पार्टी परिवार-केंद्रित राजनीति से आगे नहीं बढ़ेगी, उसे अस्तित्व के संकट का सामना करना पड़ता रहेगा। अगर वह ऐसा नहीं कर पाती है, तो आखिरकार उसका अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा।"

लालू यादव की सुरक्षा के मसले पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा, "बिहार आगे बढ़ चुका है। क्या हम पूरा दिन लालू प्रसाद यादव के घर या उनकी सुरक्षा पर चर्चा करते रहेंगे? आइए भविष्य की बात करें।"

गुरु प्रकाश ने कहा कि हमें इस बात पर चर्चा करनी चाहिए कि बिहार का और विकास कैसे हो सकता है, यह एक विकसित राज्य कैसे बन सकता है। 2037 में बिहार 125 साल का हो जाएगा। एक विकसित बिहार के लिए क्या रोडमैप है? हम इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी, निवेश और इनोवेशन को कैसे मजबूत कर सकते हैं? बिहार एआई हब कैसे बन सकता है? ये वे मुद्दे हैं जिनके बारे में बिहार के लोग सुनना चाहते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की राजनीति को लालू प्रसाद यादव या राबड़ी देवी के घर और सुरक्षा की चर्चाओं से आगे बढ़ना होगा। काफी हद तक, बिहार उस दौर से आगे निकल चुका है।

इस दौरान, गुरु प्रकाश पासवान ने राम मंदिर चंदे को लेकर हुए विवाद पर कहा, "सरकार इस मामले को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता से देख रही है। चाहे एसआईटी का गठन हो, एफआईआर दर्ज करना हो, पूछताछ, जांच या गिरफ्तारियां हों, सरकार ने तुरंत कार्रवाई की है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ कर दिया है कि सबसे सख्त कार्रवाई की जाएगी और एक मिसाल कायम की जाएगी।"

उन्होंने कहा, "हमें यह भी समझने की जरूरत है कि इस मामले का राजनीतिकरण न हो। जिस तरह से कार सेवकों पर गोली चलवाने वाले समाजवादी पार्टी और भगवान राम के अस्वित्व पर प्रश्न खड़ा करने वाली कांग्रेस पार्टी के लोग राम भक्त बनकर प्रमाण पत्र बांट रहे हैं, इसे पूरे देश देख रहा है।"

ऊर्जा संकट के दौरे में दूसरे देशों से सहयोग पर पीएम मोदी के बयान को लेकर गुरु प्रकाश ने कहा, "यह उल्लेखनीय है। पिछले 12 वर्षों में जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है, 'विश्व बंधु' यानी भारत दुनिया के दोस्त के तौर पर उभरा है और पूरे विश्व में भारत का मान-सम्मान काफी बढ़ा है। अब हम सिर्फ पारंपरिक या पुराने सहयोगियों पर निर्भर नहीं हैं। हर देश भारत को ईधन देने को तैयार था, यह भारत के बढ़ते हुए सम्मान का सूचक है।"

उन्होंने कहा, "पिछले 12 वर्षों की सफलता में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, जी-20 की अध्यक्षता, एआई समिट और चंद्रमा के दक्षिणी गोलार्ध पर पहुंचना शामिल है। पूरी दुनिया में आज भारत के लोगों को मान-सम्मान के साथ देखा जाता है। इस बार का मानक है कि इतने बड़े ऊर्जा संकट से भी पीएम मोदी के नेतृत्व में हम कुशलता पूर्वक निकले हैं।"

ओटीटी कंटेंट और पायरेटेड फिल्मों को लेकर टेलीग्राम को जारी किए गए नोटिस पर गुरु प्रकाश ने कहा, "साइबर सुरक्षा और डिजिटल सुरक्षा आज के दौर की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। सरकार देश के साइबर सुरक्षा इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए नियमित रूप से ऐसे कदम उठाती रहती है। यह डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करने की उसकी लगातार कोशिशों का ही एक हिस्सा है।"

जम्मू-कश्मीर के स्कूलों की किताबों में कथित तौर पर आतंकवादियों और अलगाववादी नेताओं को 'महान हस्तियों' के तौर पर दिखाए जाने के मामले पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा, "इस मामले की निश्चित रूप से जांच होनी चाहिए। यह पता लगाया जाना चाहिए कि इसके लिए कौन जिम्मेदार है और यह किसके एजेंडे को पूरा करता है। सरकार ऐसे मामलों को गंभीरता से लेती है और उचित कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। उम्मीद है कि केंद्र और जम्मू-कश्मीर सरकार मिलकर इस मामले में कोई उपाय निकालेंगी।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 July 2026 11:42 AM IST

Tags

Next Story