पटियाला में मानवता शर्मसार, बस स्टैंड पर लावारिस मिली नवजात, जांच में जुटी पुलिस
पटियाला, 30 जून (आईएएनएस)। पंजाब के पटियाला में मानवता को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। शहर के पुराने बस स्टैंड के पास एक नवजात लावारिस हालत में मिली, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, पुराने बस स्टैंड के प्रतीक्षालय में कुर्सियों पर अकेली पड़ी नवजात पर राहगीरों की नजर पड़ी। लोगों ने बिना देर किए बच्ची को सुरक्षित अपनी गोद में उठाया और तुरंत माता कौशल्या अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार और देखभाल जारी है। फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है। बताया गया कि बच्ची का जन्म कुछ समय पहले ही हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही थाना लाहौरी गेट के एसएचओ सौरव सबरवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। एसएचओ ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पुराने बस स्टैंड के पास एक अज्ञात व्यक्ति नवजात बच्ची को छोड़कर चला गया है। सूचना के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की प्रत्यक्षदर्शी नीतू ने बताया कि किसी व्यक्ति ने पुलिस को बच्ची के बारे में सूचना दी थी। मौके पर पहुंचने पर नवजात बच्ची प्रतीक्षालय की कुर्सियों पर अकेली मिली। उस समय पुलिसकर्मी, ट्रैफिक पुलिस और अन्य लोग भी वहां मौजूद थे। बाद में बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया।
नीतू ने कहा कि इतनी छोटी बच्ची को इस तरह बेसहारा छोड़ना बेहद अमानवीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज के समय में लड़का और लड़की में कोई अंतर नहीं है और समाज को ऐसी संकीर्ण सोच से ऊपर उठने की आवश्यकता है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और बच्ची को छोड़कर जाने वाले व्यक्ति या लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर समाज के सामने कई सवाल खड़े करती है कि आखिर कोई नवजात मासूम को इस तरह लावारिस छोड़ने का फैसला कैसे कर सकता है। फिलहाल बच्ची सुरक्षित है और अस्पताल में उसकी देखभाल की जा रही है, जबकि पुलिस उसके परिजनों की तलाश में जुटी हुई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Jun 2026 10:38 PM IST












