पटना बाहुबली विधायक अनंत सिंह के आवास के पास मिला शव, चेहरे पर चोट के निशान
पटना, 9 जुलाई (आईएएनएस)। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के आवास के पास एक संदिग्ध हालात में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के चेहरे पर चोट के निशान थे। पुलिस अधिकारियों ने हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल, शव को कब्जे में लेकर पुलिस टीम जांच में जुटी हुई है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह पुलिस को सचिवालय थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति का संदिग्ध हालात में शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और एफएसएल टीमें मौके पर पहुंचीं। टीमों ने जांच पड़ताल की और सबूत इकट्ठा किए।
क्षेत्र के दरोगा राजेंद्र उरांव ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि गेट नंबर-15 के पास पुल के नीचे संदिग्ध परिस्थितियों में एक शव मिला। इस बारे में उन्हें सूचना दी गई थी। मौके पर पहुंचने के बाद शव को कब्जे में लिया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक के मुंह पर चोट के निशान हैं। प्रथम दृष्टता यह माना जा सकता है कि हत्या के कारण शव को यहां फेंका गया है। उन्होंने बताया कि अभी मृतक की पहचान नहीं हुई है। फिलहाल, सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर हम मामले की जांच कर रहे हैं।
डीएसपी अनु कुमारी ने आईएएनएस को बताया कि शव मिलने की सूचना गुरुवार सुबह प्राप्त हुई। सभी का सत्यापन किया जा रहा है। साक्ष्य सामने आने के बाद घटना के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया था। टीम ने पूरी जांच पड़ताल की है। उसकी रिपोर्ट आने के बाद सही कारणों के बारे में पता चल पाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 July 2026 10:53 AM IST












