पटना ‎भाजपा प्रदेश कार्यालय में एनडीए घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों की बैठक, विधान परिषद चुनाव की तैयारियों पर मंथन

पटना  ‎भाजपा प्रदेश कार्यालय में एनडीए घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों की बैठक, विधान परिषद चुनाव की तैयारियों पर मंथन
बिहार में विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले आगामी चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय, पटना में एनडीए के घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों एवं वरिष्ठ नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में विधान परिषद चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक समन्वय, चुनावी रणनीति और घटक दलों के बीच बेहतर तालमेल को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

‎पटना, 30 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले आगामी चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय, पटना में एनडीए के घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों एवं वरिष्ठ नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में विधान परिषद चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक समन्वय, चुनावी रणनीति और घटक दलों के बीच बेहतर तालमेल को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

‎‎बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. डीएन सिन्हा, सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया तथा संजय गांधी सहित एनडीए के प्रमुख नेता मौजूद रहे।

‎‎बैठक के दौरान आगामी विधान परिषद चुनाव को लेकर सभी घटक दलों की तैयारियों की समीक्षा की गई। नेताओं ने चुनाव में एनडीए की साझा रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने, घटक दलों के संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और कार्यकर्ताओं के स्तर तक समन्वय को मजबूत करने को लेकर चर्चा की।

‎‎साथ ही सरकार के विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार किया गया।

‎‎बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि एनडीए पूरी एकजुटता और मजबूती के साथ विधान परिषद चुनाव के मैदान में उतरने जा रहा है। घटक दलों के बीच बेहतर समन्वय, मजबूत संगठनात्मक तालमेल और साझा रणनीति के साथ चुनाव की तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी घटक दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे और सभी उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।

‎‎संजय सरावगी ने कहा कि एनडीए की कार्यशैली सामूहिक निर्णय, आपसी संवाद और समन्वय पर आधारित है। गठबंधन से जुड़े किसी भी विषय पर सभी घटक दलों के साथ विचार-विमर्श के बाद ही निर्णय लिया जाता है।

‎‎उन्होंने कहा कि किसी भी घटक दल के नेता या कार्यकर्ता को किसी विषय को लेकर कोई समस्या या सुझाव हो तो वे संगठन के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ मुख्यमंत्री से भी मिलकर अपनी बात रख सकते हैं। संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान करना और सभी सहयोगी दलों को साथ लेकर चलना एनडीए की प्राथमिकता है।

‎‎उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी घटक दल पूरी मजबूती के साथ एक-दूसरे के साथ खड़े हैं। चुनाव को लेकर गठबंधन के भीतर कहीं कोई भ्रम या असमंजस नहीं है। सभी दलों के नेता और कार्यकर्ता साझा रणनीति के तहत चुनावी तैयारियों में जुटे हुए हैं।

‎‎भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में एनडीए सरकार ने विकास, आधारभूत संरचना, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। इन कार्यों और सरकार की उपलब्धियों को लेकर एनडीए के नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे तथा लोगों को सरकार के कार्यों की जानकारी देंगे।

‎‎बैठक में मौजूद एनडीए के सभी घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों एवं नेताओं ने एकजुटता का संदेश देते हुए विधान परिषद की सभी आठ सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों की जीत का दावा किया। नेताओं ने कहा कि सभी सहयोगी दल आपसी समन्वय के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे और संगठन के स्तर पर साझा प्रयासों के माध्यम से एनडीए के उम्मीदवारों के पक्ष में पूरी मजबूती से काम करेंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   30 Sept 2026 10:58 PM IST

Tags

Next Story