पटना के दो कोचिंगों में विवाद का मामला तूल पकड़ा, खान सर के खिलाफ एफआईआर

पटना के दो कोचिंगों में विवाद का मामला तूल पकड़ा, खान सर के खिलाफ एफआईआर
बिहार की राजधानी पटना में दो कोचिंग संस्थानों में शुरू हुए विवाद का मामला अब तूल पकड़ लिया है। इस बीच, खान ग्लोबल स्टडीज में हुई तोड़फोड़ की घटना के संबंध में अब फैसल खान उर्फ ‘खान सर’ पर भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। इधर, पुलिस ने छात्रों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

पटना, 5 जून (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में दो कोचिंग संस्थानों में शुरू हुए विवाद का मामला अब तूल पकड़ लिया है। इस बीच, खान ग्लोबल स्टडीज में हुई तोड़फोड़ की घटना के संबंध में अब फैसल खान उर्फ ‘खान सर’ पर भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। इधर, पुलिस ने छात्रों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार देर रात खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान में कथित तौर पर तोड़फोड़ की गई थी और परिसर पर पथराव किया गया था। इसके बाद गुरुवार को एक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कथित तौर पर गोली चलाने के आरोप में खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान के दो सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार किया था।

जानकारी के मुताबिक, इनके बयान के आधार पर फैसल खान को भी आरोपी बनाया गया है। इस बीच पटना पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा कि कदमकुआं थानांतर्गत खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान पर पथराव एवं तोड़फोड़ की गई थी। उक्त के संदर्भ में कदमकुआं थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। अनुसंधान के क्रम में एक वीडियो के सामने आने के बाद दो लोग घटना के पश्चात हवाई फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो के सत्यापन के बाद खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान से जुड़े दो गार्ड को हिरासत में लेकर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। प्रयोग किए गए हथियारों को जब्त करके एफएसएल जांच के लिए अग्रसित किया जा रहा है। बयान में अनुरोध करते हुए कहा गया है, "सभी छात्र-छात्राओं से अनुरोध है कि कोचिंग सेंटर की प्रतिस्पर्धा में किसी के बहकावे में न आएं। अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।"

खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान पर पथराव और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के निदेशक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। गुरुवार को इसके विरोध में छात्रों ने पटना में कैंडल मार्च भी निकाला था। बता दें कि पहले चर्चित शिक्षक खान सर ने गोली चलने की बात कही थी। हालांकि बाद में वे इससे पलट गए थे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 Jun 2026 5:48 PM IST

Tags

Next Story