पटना मेट्रो का दायरा बढ़ा, सीएम सम्राट चौधरी ने मलाही पकड़ी स्टेशन और विस्तारित सेवा का किया शुभारंभ
पटना, 2 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को राजधानी पटना के लोगों को बड़ी सौगात देते हुए पटना मेट्रो रेल परियोजना के प्रायोरिटी कॉरिडोर के तहत मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का लोकार्पण किया। इस विस्तार के बाद पटना मेट्रो का परिचालन 6.2 किलोमीटर तक पहुंच गया है, जिससे शहर के पूर्वी हिस्से में रहने वाले लोगों को बेहतर और तेज सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।
लोकार्पण के बाद सीएम सम्राट चौधरी स्वयं मेट्रो ट्रेन में सवार होकर मलाही पकड़ी स्टेशन से भूतनाथ रोड स्टेशन तक पहुंचे। इस दौरान उनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव भी मौजूद रहे। मलाही पकड़ी और भूतनाथ रोड स्टेशन के बीच की दूरी लगभग तीन किलोमीटर है। मेट्रो सेवा के इस विस्तार के बाद अब इस मार्ग पर मलाही पकड़ी, भूतनाथ, जीरो माइल और बैरिया आईएसबीटी सहित कुल चार स्टेशन संचालित हो रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, मलाही पकड़ी स्टेशन से बैरिया आईएसबीटी तक यात्रा करने के लिए अधिकतम 30 रुपए का किराया निर्धारित किया गया है। नए स्टेशन के चालू होने से कंकड़बाग, राजेंद्रनगर और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। इससे सड़क पर वाहनों का दबाव कम होने के साथ-साथ यात्रा का समय भी घटेगा। 6.2 किमी का सफर 16 मिनट में पूरा होगा, जबकि किराया 30 रुपए होगा।
पहले भूतनाथ तक 15 रुपए लगते थे। एक चक्कर पूरा करने में 35 मिनट लगेंगे। हर 35 मिनट पर मेट्रो मिलेगी। सरकार का दावा है कि सरकार राजधानी में आधुनिक और विश्वस्तरीय सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। भरोसा जताया कि जल्द ही पटना मेट्रो नेटवर्क विस्तार किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकेंगे।
कहा जा रहा है कि मेट्रो सेवा के विस्तार से शहरवासियों को सुरक्षित, तेज, आरामदायक और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी तथा राजधानी की यातायात व्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 July 2026 2:55 PM IST












