पेड़ केवल हरियाली नहीं, जीवन और भविष्य की सुरक्षा का आधार शिवराज सिंह चौहान
भोपाल, 5 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित स्मार्ट सिटी पार्क में प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। इस अवसर पर चौहान ने कहा कि पेड़ केवल हरियाली नहीं, जीवन, जैव विविधता और भविष्य की सुरक्षा का आधार है।
केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो धरती पर जीवन सुरक्षित रहेगा। वृक्षारोपण केवल एक पौधा लगाने का कार्य नहीं, बल्कि मानवता, प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों की रक्षा का अभियान है। उन्होंने कहा कि पेड़ बचेंगे तो जल, जंगल, जमीन और जैव विविधता सुरक्षित रहेगी। वर्षा होगी, नदियां बचेंगी, मिट्टी का संरक्षण होगा और जीवन की निरंतरता बनी रहेगी।
स्मार्ट सिटी पार्क में साल 2021 में लगाए गए वटवृक्ष को देखते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैंने पांच साल पहले अमरकंटक से प्रतिदिन पौधरोपण का संकल्प लिया था, और उसके बाद भोपाल आते ही सबसे पहले यह पौधा लगाया था। आज यह पौधा विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है। उस वृक्ष पर पक्षियों का कलरव, जीव-जंतुओं की गतिविधियां और प्रकृति का जीवंत स्वरूप देखकर मुझे अत्यंत संतोष और आनंद की अनुभूति हुई।
शिवराज सिंह चौहान ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि प्रतिदिन वृक्षारोपण संभव न हो तो कम से कम जीवन के विशेष अवसरों पर पौधे अवश्य लगाए जाएं। जन्मदिन, बच्चों के जन्मदिन, विवाह, विवाह वर्षगांठ, माता-पिता की स्मृति और अन्य पारिवारिक अवसरों को वृक्षारोपण से जोड़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान के माध्यम से देशभर में लाखों लोग अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने भी अपनी माता स्वर्गीय सुंदर देवी की स्मृति में पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण केवल भाषणों और चर्चाओं से सुरक्षित नहीं होगा, इसके लिए धरातल पर कार्य करना आवश्यक है। इसी सोच के साथ मैंने वर्षों पहले प्रतिदिन पौधरोपण का संकल्प लिया था, जो आज भी निरंतर जारी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 Jun 2026 8:51 PM IST












