पहला वनडे खराब शुरुआत के बाद रूट-डॉसन ने इंग्लैंड को संभाला, भारत को जीत के लिए 259 रन का लक्ष्य

पहला वनडे खराब शुरुआत के बाद रूट-डॉसन ने इंग्लैंड को संभाला, भारत को जीत के लिए 259 रन का लक्ष्य
खराब शुरुआत के बावजूद इंग्लैंड ने एजबेस्टन में जारी वनडे सीरीज के पहले मैच में भारत के सामने जीत के लिए 259 रन का टारगेट रखा है। मेजबान टीम को यहां तक पहुंचाने में लियाम डॉसन और जो रूट का अहम योगदान रहा, जिनके बीच 121 रन की साझेदारी हुई।

बर्मिंघम, 14 जुलाई (आईएएनएस)। खराब शुरुआत के बावजूद इंग्लैंड ने एजबेस्टन में जारी वनडे सीरीज के पहले मैच में भारत के सामने जीत के लिए 259 रन का टारगेट रखा है। मेजबान टीम को यहां तक पहुंचाने में लियाम डॉसन और जो रूट का अहम योगदान रहा, जिनके बीच 121 रन की साझेदारी हुई।

मंगलवार को टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लिश टीम के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट और जैकब बेथेल ने 12.2 ओवरों में 61 रन की साझेदारी की। बेथेल 31 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया।

इसी ओवर की चौथी गेंद पर गुरनूर बरार ने डकेट को भी अपना शिकार बनाया, जो 45 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 43 रन बनाकर पवेलियन लौटे। टीम ने 64 के स्कोर पर कप्तान हैरी ब्रूक (1) का विकेट भी खो दिया।

इंग्लैंड को 17वें ओवर की पहली और चौथी गेंद पर जोस बटलर (5) और सैम करन (0) के रूप में दो झटके लगे। यह टीम 107 के स्कोर पर विल जैक्स (20) का विकेट भी गंवा चुकी थी। यहां से जो रूट ने लियाम डॉसन के साथ मोर्चा संभाला। दोनों खिलाड़ियों ने सातवें विकेट के लिए 134 गेंदों में 121 रन जोड़कर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा दिया। डॉसन 83 गेंदों में 7 बाउंड्री के साथ 68 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रूट ने 7 बाउंड्री के साथ 76 रन बनाए।

भारत की तरफ से अक्षर पटेल ने 62 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार ने 2-2 विकेट निकाले। जसप्रीत बुमराह और शिवम दुबे को 1-1 सफलता हाथ लगी।

शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), वाशिंगटन सुंदर, केएल राहुल (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, गुरनूर बरार, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा के साथ यह मैच खेल रही है।

वहीं, इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन में जैकब बेथेल, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, जोश टंग और आदिल राशिद शामिल हैं।

पांच मैचों की वनडे सीरीज 0-4 से गंवाने के बाद भारतीय टीम तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज अपने नाम करना चाहेगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 July 2026 7:47 PM IST

Tags

Next Story