पीजी और घरों से मोबाइल-लैपटॉप चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार और चार नाबालिग पकड़े गए
नोएडा, 29 सितंबर (आईएएनएस)। नोएडा के थाना सेक्टर-63 नोएडा पुलिस ने पीजी और घरों में रहने वाले लोगों के मोबाइल फोन व लैपटॉप चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि चार नाबालिग को भी संरक्षा में लिया गया है।
आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, एप्पल मैकबुक प्रो लैपटॉप, अलग-अलग कंपनियों के 10 मोबाइल फोन और एक अवैध चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को थाना सेक्टर-63 पुलिस टीम को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के माध्यम से गिरोह के संबंध में जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने छिजारसी बारातघर के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की।
मौके से रोहित उर्फ छंगा पुत्र मंगल सिंह को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके साथ मौजूद चार नाबालिग आरोपियों को पुलिस ने संरक्षण में लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, एक चोरी का एप्पल मैकबुक प्रो लैपटॉप, अलग-अलग कंपनियों के 10 मोबाइल फोन तथा आरोपी रोहित के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया है।
बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में थाना सेक्टर-49 नोएडा में मामला दर्ज है। पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी पहले किराये के मकानों और पीजी में रहने वाले लोगों की रैकी करते थे। इसके बाद मौका देखकर उनके कमरों से मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए सामान को आरोपी कम कीमत में राह चलते लोगों को अपनी मजबूरी बताकर बेच देते थे।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य चोरी की वारदातों के लिए ऐसे स्थानों को निशाना बनाते थे जहां किराये पर रहने वाले लोगों की संख्या अधिक हो। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से बरामद मोटरसाइकिल थाना सेक्टर-49 क्षेत्र से चोरी की गई थी। बरामद मोबाइल फोन और लैपटॉप के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है, ताकि इनके वास्तविक मालिकों की पहचान कर चोरी की अन्य घटनाओं से इनके संबंध का पता लगाया जा सके।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित उर्फ छंगा, पुत्र मंगल सिंह, निवासी ग्राम पूरनपुर, थाना शाहवर, जिला कासगंज के रूप में हुई है। वर्तमान में वह छिजारसी कॉलोनी, थाना सेक्टर-63, गौतमबुद्धनगर में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी की उम्र करीब 20 वर्ष है। पुलिस के मुताबिक रोहित के खिलाफ थाना सेक्टर-63 और थाना सेक्टर-49 में चोरी, अवैध हथियार और आबकारी अधिनियम से संबंधित मामले दर्ज हैं।
इसी तरह थाना सेक्टर-63 में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम और आयुध अधिनियम के तहत भी मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी किए गए सामान की बिक्री के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। बरामद 10 मोबाइल फोन और एप्पल मैकबुक प्रो के संबंध में पुलिस रिकॉर्ड और पूर्व में दर्ज चोरी की घटनाओं से मिलान किया जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 Sept 2026 11:18 PM IST












