पिंपरी-चिंचवड बस डिपो के पास लापता कांस्टेबल का मिला शव, सिर में गोली लगने से मौत
पुणे, 26 सितंबर (आईएएनएस)। पिछले दो दिनों से लापता चल रहे पिंपरी-चिंचवड पुलिस आयुक्तालय के एक पुलिस कांस्टेबल का शव शनिवार सुबह निगडी ट्रांसपोर्ट नगर स्थित भक्ति शक्ति बस डिपो के पास बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि कांस्टेबल ने सरकारी पिस्तौल से अपने सिर में गोली मारकर आत्महत्या की है। इस घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मृतक पुलिसकर्मी की पहचान विजय कोली के रूप में हुई है, जो पिंपरी-चिंचवड पुलिस बल में कार्यरत थे और वरिष्ठ अधिकारियों के पास आरटीपीसी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजय पिछले दो-तीन दिनों से पारिवारिक विवाद के चलते मानसिक तनाव में थे और इसी वजह से घर से निकल गए थे।
परिजनों से संपर्क न होने के कारण परिवार के सदस्यों ने नजदीकी पुलिस थाने में उनके लापता होने की औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी। घर से निकलते वक्त विजय अपनी सरकारी पिस्तौल भी साथ ले गए थे, जिससे पुलिस की चिंता और अधिक बढ़ गई थी।
कांस्टेबल के लापता होने के बाद से ही पिंपरी-चिंचवड पुलिस दल उनकी तलाश में जुटा हुआ था। जांच के दौरान यह बात सामने आई थी कि विजय को आखिरी बार निगडी के दुर्गा देवी टेकड़ी क्षेत्र में देखा गया था।
पुलिस ने उनकी तलाश के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए ड्रोन की मदद भी ली थी। शनिवार सुबह तलाशी अभियान के दौरान निगडी ट्रांसपोर्ट नगर स्थित बस डिपो के पास उनका शव मिला।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उन्होंने अपनी ही सरकारी पिस्तौल से सिर में गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 Sept 2026 4:56 PM IST












