पीएम मोदी के 2047 के ‘विकसित भारत’ का सपना तभी पूरा होगा, जब ‘विकसित पश्चिम बंगाल’ बनेगा नितिन नवीन
पानीहाटी, 28 सितंबर (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के पानीहाटी में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बच्चों के पोषण, महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पांच महीने से कम समय में आंगनबाड़ी बहनों की अपेक्षाओं और संकल्प को पूरा किया है।
नितिन नवीन ने कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहायिकाएं और आशा बहनें बच्चों के भविष्य निर्माण तथा योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। भाजपा की डबल इंजन सरकार में पश्चिम बंगाल भी अग्रणी राज्य बनेगा और पीएम मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करेगा।
उन्होंने कहा कि बड़े परिवारों में किड्स स्कूल जैसी व्यवस्थाएं होती हैं, लेकिन एक सामान्य और गरीब परिवार के बच्चे के भविष्य को संवारने, प्रारंभिक शिक्षा देने, माता-पिता और गुरु का बोध कराने तथा खेलते हुए जीवन के नए स्वरूप को दिखाने का कार्य आंगनबाड़ी बहनें करती हैं। उनके हाथों में भारत का भविष्य सुरक्षित, ऊर्जावान और उज्ज्वल है। पिछले 10 वर्षों से सितंबर माह को पोषण कार्यक्रम के तहत जोड़ा गया है और इस समय नौवां पोषण अभियान चल रहा है। सरकार बच्चों के भोजन, लालन-पालन और पोषण की प्रक्रिया को लेकर अत्यंत संवेदनशील है तथा मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने भी बच्चों के पोषण के लिए त्वरित और बड़े कदम उठाए हैं।
पश्चिम बंगाल को लंबे समय से जिस विकास की गति, वातावरण और भरोसे की आवश्यकता थी, उसे जोड़ने का कार्य मुख्यमंत्री लगातार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आजादी के लंबे समय बाद भी पूर्व की सरकारें महिलाओं को जो सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान मिलना चाहिए था, वह देने में पूरी तरह नाकामयाब रहीं। इसके विपरीत प्रधानमंत्री मोदी ने न केवल पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं के अधिकारों की रक्षा की और आरक्षण दिया, बल्कि अब ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के माध्यम से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को उनका पूर्ण अधिकार दिलाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। महिलाएं समाज और विकास रूपी गाड़ी का वह दूसरा पहिया हैं, जिसमें यदि पुरुष ताकत देता है तो महिलाएं उसे गति प्रदान करती हैं। आज दोनों पहिए विकास की पंचायत बनकर उभर रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने देश में 3 करोड़ से अधिक बहनों को ‘लखपति दीदी’ बनाने का कार्य किया है, जिससे बहनें आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार के साथ-साथ देश के विकास में योगदान दे रही हैं। आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहायिकाएं और आशा बहनें बच्चों के भविष्य निर्माण के साथ-साथ जागरूकता अभियानों और सरकारी योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने का सबसे महत्वपूर्ण कार्य करती हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Sept 2026 5:30 PM IST












