एलपीयू प्रकरण पर फतेहजंग बाजवा ने पंजाब सरकार को घेरा, बोले-सरकार छुपा रही नाकामी

एलपीयू प्रकरण पर फतेहजंग बाजवा ने पंजाब सरकार को घेरा, बोले-सरकार छुपा रही नाकामी
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) मामले को लेकर पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष फतेहजंग सिंह बाजवा ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ चुकी है और प्रशासन पर सरकार का नियंत्रण नहीं रह गया है।

मोहाली, 28 सितंबर (आईएएनएस)। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) मामले को लेकर पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष फतेहजंग सिंह बाजवा ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ चुकी है और प्रशासन पर सरकार का नियंत्रण नहीं रह गया है।

फतेहजंग सिंह बाजवा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "यूनिवर्सिटी की इमारत में आग लगाई गई, तोड़फोड़ की गई और वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। ऐसी घटनाएं राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। इसको रोकने में राज्य सरकार नाकाम रही।"

बाजवा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी अपनीनाकामियों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए तरह-तरह के मुद्दे खड़े करती है। उन्होंने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी प्रकरण को भी इसी से जोड़ते हुए इसे सरकार की साजिश बताया।

बाजवा ने कहा, “आम आदमी पार्टी का काम करने का तरीका यही है कि वह लोगों पर दबाव बनाती है। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी से जुड़ा मौजूदा मामला भी इसी से संबंधित है। अपनी बड़ी गलतियों को छिपाने के लिए यह पूरी साजिश रची गई है।”

उन्होंने पंजाब पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पुलिस इस पूरे मामले में शामिल है। बाजवा ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बेकाबू हो गई है और पूरे राज्य में प्रशासन नाकाम साबित हुआ है।

भाजपा नेता ने आम आदमी पार्टी सरकार पर पंजाब के संसाधनों के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्रियों की कोठियों से ही गोरखधंधे शुरू होते हैं। इस दौरान उन्होंने गायत्री बिश्नोई और सरकारी आवास से जुड़े आरोपों का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि सरकारी कोठियों में निजी लोगों को ठहराया जा रहा है।

बाजवा ने दिल्ली के नेताओं पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली से आए लोगों ने पंजाब का माहौल खराब किया है और राज्य को लूटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता को गुमराह करने के लिए ऐसे मुद्दे उठाती है, ताकि उसकी नाकामियां सामने न आएं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब जागरूक हो चुकी है और आगामी चुनाव में आम आदमी पार्टी को सत्ता से बाहर कर देगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 Sept 2026 6:12 PM IST

Tags

Next Story