सतना न्यूज: 22 दिन बाद बाणसागर डैम लौटा कॉलर आईडी वाला हाथी,

3-4 किमी पानी में तैरकर टापू पर डाला डेरा

डिजिटल डेस्क सतना। बाणसागर डैम का करीब 5 किमी लंबा वाटर चैनल पार कर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से 7-8 सितंबर की दरमियानी रात मैहर वन मंडल के अमरपाटन रेंज में पहुंचा कॉलर आईडी वाला जंगली हाथी ई-5 (सी-4) 22 दिन तक वन विभाग की टीम को छकाने के बाद सोमवार सुबह वापस बाणसागर डैम पहुंच गया। हाथी ने इस दौरान मौहारी में घरों को नुकसान पहुंचाया और किसान कंछेदी यादव को पटककर मार डाला था। इसके बाद वह गोरसरी पहाड़ पर डेरा डाले रहा और बीच-बीच में रिहायशी क्षेत्रों में पहुंचकर उत्पात मचाता रहा।

6 कुमकी हाथियों के साथ होती रही निगरानी:------

हाथी के रेस्क्यू के लिए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम 6 कुमकी हाथियों के साथ लगातार कॉलर आईडी के जरिए उसकी निगरानी करती रही। 23 सितंबर को रेस्क्यू की स्थिति बनी, लेकिन हाथी लगातार रेंज से बाहर निकलता रहा। तेज बारिश के कारण रेस्क्यू अभियान भी रोकना पड़ा था।

रात में रामनगर पहुंचा, वाहनों के हॉर्न से खदेड़ा:---

27 सितंबर की रात करीब 10 बजे हाथी रामनगर के शहरी क्षेत्र में पहुंच गया। लोगों ने वाहनों के तेज हॉर्न बजाकर उसे खदेडऩा शुरू किया। अमरपाटन रेंजर प्रफुल्ल त्रिपाठी के अनुसार, हाथी रामनगर से हरदुआ, गंजास, पुरैना और मडक़रा होते हुए डैम की तरफ चला गया। इसके बाद वह सतना कैम्प रामनगर में काफी देर तक रुका रहा।

सुबह डैम में उतरा, 3-4 किमी तैरकर टापू पर पहुंचा:----

28 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे हाथी ललुआ बीट के कक्ष क्रमांक 637 पहुंचा और वहां से बाणसागर डैम में उतर गया। वन विभाग के अनुसार, हाथी करीब 3-4 किमी पानी में तैरकर एक टापू पर पहुंच गया है। फिलहाल वन विभाग और बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम डैम के किनारे से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही है। रेंजर प्रफुल्ल त्रिपाठी ने बताया कि हाथी अब वापस बांधवगढ़ लौटने के मूड में नजर आ रहा है, लेकिन जब तक वह सरसी आइसलैंड को पार नहीं कर लेता, तब तक उसकी अगली दिशा के बारे में कुछ कहना मुश्किल है।


Created On :   28 Sept 2026 8:16 PM IST

Tags

Next Story