सतना न्यूज: स्कूल के बरामदे का प्लास्टर टूटकर गिरा, 4 बच्चे घायल

कमरों में पानी भरने से बरामदे में बैठकर पढ़ रहे थे बच्चे, तीन के सिर में चोट

डिजिटल डेस्क सतना। फुटौंधी गांव के शासकीय प्राथमिक विद्यालय में सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे बरामदे का प्लास्टर अचानक टूटकर गिर गया। हादसे में पढ़ाई कर रहे चार बच्चे घायल हो गए, जिनमें तीन छात्राएं हैं। घायलों में हर्ष कोल, पल्लवी कोल, जानवी कोल और रागनी पाल शामिल हैं। हर्ष, जानवी और रागनी के सिर में, जबकि पल्लवी के पैर में चोट आई है। पहले हुई बारिश के कारण स्कूल के कमरों में पानी भरा होने से बच्चों को बरामदे में बैठाकर पढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान छत का प्लास्टर अचानक नीचे गिर पड़ा। हेडमास्टर एसएन त्रिपाठी ने स्थानीय डॉक्टर को बुलाकर बच्चों का प्राथमिक उपचार कराया। रागनी के चाचा रजनीश पाल के अनुसार सभी बच्चों की हालत सामान्य है। स्थानीय लोगों के मुताबिक लगातार हुई बारिश के कारण भवन के छज्जे और प्लास्टर में नमी से कमजोरी आई होगी। स्कूल भवन करीब 10 साल पहले बना बताया जा रहा है।


Created On :   28 Sept 2026 4:51 PM IST

Tags

Next Story