Birsingpur/Satna news: बारिश के बीच देर रात तक चलता रहा गणपति विसर्जन

बारिश के बीच देर रात तक चलता रहा गणपति विसर्जन
ऐझी घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब : गूंजते रहे गणपति बप्पा मोरया के जयकारे

डिजिटल न्यूज़ बिरसिंहपुर/ सतना

अनंत चतुर्दशी पर शुक्रवार को नगर में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। सुबह से शुरू हुआ विसर्जन का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। सिताबा नदी के ऐझी घाट वार्ड 14में पर नगर प्रशासन द्वारा बनाए गए विशेष विसर्जन कुंड में दिनभर प्रतिमाएं पहुंचती रहीं। इस दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे गूंजते रहे। सभापुर पुलिस, राजस्व विभाग नगर परिषद का अमला दिनभर तैनात रहा।

इस बार तिथियों के विशेष संयोग के चलते गणेशोत्सव 12 दिनों तक चला। घरों और विभिन्न पंडालों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं को श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा के साथ विसर्जन स्थल तक पहुंचाया।

ढोल-ताशों और डीजे की धुन पर निकली शोभायात्राएं

विसर्जन के लिए निकली शोभायात्राओं में युवाओं की टोली ढोल-ताशों और डीजे की धुन पर नाचती नजर आई। कई स्थानों से अबीर-गुलाल के साथ प्रतिमाएं विसर्जन के लिए ले जाई गईं। बड़ी झांकियों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के अलावा कार और दोपहिया वाहनों से भी श्रद्धालु ऐझी घाट पहुंचे।

बारिश में भी नहीं थमा सिलसिला

शुक्रवार को दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। इसके बावजूद श्रद्धालु प्रतिमाएं लेकर विसर्जन स्थल तक पहुंचते रहे। देर रात तक छोटी-बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन का क्रम जारी रहा। कई परिवारों ने घरों में स्थापित इको-फ्रेंडली प्रतिमाओं का घर पर ही जल विसर्जन किया।

पंडालों में दिनभर भंडारे

गणेशोत्सव के समापन पर नगर के विभिन्न पंडालों में दिनभर भंडारे आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूजा-अर्चना और भंडारे के बाद शाम से पंडालों से प्रतिमाओं की विसर्जन शोभायात्राएं निकलीं। बप्पा की विदाई के साथ ही इस वर्ष के गणेशोत्सव का समापन हुआ।

Created On :   26 Sept 2026 2:10 PM IST

Tags

Next Story