Satna News: शादी से इनकार पर युवक ने चाकू से महिला पर किया हमला

शादी से इनकार पर युवक ने चाकू से महिला पर किया हमला
स्कूटी से सतना आकर कलेक्ट्रेट के सामने वारदात को दिया अंजाम

डिजिटल डेस्क,सतना। दो साल की दोस्ती के बाद शादी से इनकार करने पर सागर निवासी युवक ने स्कूटी से सतना पहुंचकर दिनदहाड़े महिला मित्र पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई, तो वहीं वारदात सामने आते ही हरकत में आई पुलिस ने भाग रहे आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया, जिसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक एक निजी होटल में कार्यरत 32 वर्षीय महिला के पति की कई साल पहले मौत हो गई थी, तब से वह अकेले ही दो बच्चों का पालन-पोषण कर रही है। वर्ष 2024 में महिला एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में सागर गई थी, जहां उसकी मुलाकात सूरज जाटव पुत्र इमरत लाल 24 वर्ष, निवासी सुभाष नगर, थाना मोतीनगर, जिला सागर, से हो गई। इसके बाद इंस्टाग्राम पर दोनों के बीच बातचीत होने लगी।

दो साल से कर रहा था परेशान

कुछ समय पश्चात युवक ने शादी का प्रस्ताव रखा, मगर महिला ने इनकार कर दिया, तभी से आरोपी उसे परेशान करने लगा। यहां तक कि सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी भी दे डाली, मगर पीड़िता ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया, जिससे सूरज का हौसला बढ़ गया और गुरुवार की सुबह स्कूटी लेकर सतना पहुंचा और पीछा कर कलेक्ट्रेट बिल्डिंग के पास कमर, पेट और गले पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे महिला बुरी तरह घायल हो गई, तो वहीं वारदात के बाद आरोपी सागर की तरफ भाग निकला।

घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा

दिनदहाड़े यह घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचित कर पीड़िता को आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचा दिया। इस सनसनीखेज वारदात की खबर लगते ही हरकत में आई पुलिस ने जहां पीडि़ता का बयान लेकर हत्या की कोशिश का अपराध पंजीबद्ध कर लिया, तो वहीं दूसरी टीम ने सीसीटीवी फुटेज से हमलावर की पहचान कर तेजी से पीछा कर सतना- नागौद के बीच घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के पश्चात आरोपी सूरज जाटव को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

Created On :   24 Sept 2026 9:49 PM IST

Tags

Next Story