- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- जिला अस्पताल की मेजर ओटी में मिला...
Satna news: जिला अस्पताल की मेजर ओटी में मिला बैक्टीरिया

डिजिटल न्यूज़ सतना
जिला अस्पताल सतना के मेजर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में बैक्टीरिया की ग्रोथ मिलने के बाद अब इसे बंद कर दिया गया है। माइक्रोबायोलॉजी लैब में हुई जांच में ओटी के फर्श, दीवार, ऑपरेशन टेबल, ओटी लाइट और उपकरणों सहित अलग-अलग स्थानों से लिए गए सैंपलों में बैक्टीरिया की मौजूदगी सामने आई थी। रिपोर्ट के बाद मेजर ओटी का संचालन रोक दिया गया है। अस्पताल में फिलहाल मेटरनिटी ओटी ही चालू है, जबकि अन्य ओटी में काम चलने के कारण ऑपरेशन प्रभावित हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार मेजर और मेटरनिटी ओटी के करीब आठ स्थानों से सैंपल लिए गए थे। इन्हें माइक्रोबायोलॉजी लैब में कल्चर जांच के लिए भेजा गया था। जांच में कई सैंपल पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद संक्रमण नियंत्रण को लेकर मेजर ओटी को बंद करने का निर्णय लिया गया है।
मॉड्यूलर ओटी की एक मशीन भी बंद
अस्पताल की मॉड्यूलर ओटी में लगी एक मशीन भी बंद होने की जानकारी सामने आई है। वहीं अन्य ओटी में निर्माण अथवा मरम्मत का काम चल रहा है। ऐसे में ऑपरेशन की उपलब्ध व्यवस्था सीमित हो गई है। वर्तमान में मेटरनिटी ओटी के जरिए ही प्रसव संबंधी सर्जरी का संचालन किया जा रहा है।
डिसइन्फेक्शन के बाद होगी दोबारा जांच
ओटी में बैक्टीरिया मिलने के बाद संक्रमण के स्रोत की पहचान कर सफाई और डिसइन्फेक्शन की प्रक्रिया महत्वपूर्ण मानी जाती है। उपकरणों का स्टेरलाइजेशन कराने के साथ दोबारा कल्चर जांच भी कराई जाती है। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही ओटी को नियमित संचालन में लाना संक्रमण नियंत्रण की दृष्टि से अहम है।
इनका कहना है
ओटी में फंगस मिलने के बाद कल्चर कराने के निर्देश दिए गए थे। उससे पहले ओटी में वॉटर प्रूफिंग कराने के साथ-साथ रंगरोगन कराया गया है। बैक्टीरिया मिलने के बाद अब फ्यूमीकेशन कराकर ओटी को फंक्शनल शुरू किया जाएगा।
डॉ. अमर सिंह
सीएस, जिला अस्पताल
Created On :   26 Sept 2026 1:57 PM IST









