- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- फेंसिंग में करंट दौड़ाकर जंगली सूअर...
सतना न्यूज: फेंसिंग में करंट दौड़ाकर जंगली सूअर का शिकार, तीन गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क सतना। ग्राम दुदुआर में फेंसिंग तार में करंट प्रवाहित कर जंगली सूअर का शिकार करने का मामला सामने आया है। रविवार रात मुखबिर से सूचना मिलने पर वन परिक्षेत्र मझगवां की टीम रेंजर रंजन सिंह के नेतृत्व में गांव में संदिग्धों के घरों पर सर्चिंग की। इस दौरान एक घर से पका हुआ और दूसरे घर से उबला हुआ जंगली सूअर का मांस जब्त किया गया। पूछताछ में महगू कोल ने जंगली सूअर को काटकर खाने की बात स्वीकार की। वन विभाग ने शिकार प्रकरण में महगू कोल, राजू पटेल और लल्लू कोल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। आरोपियों के कब्जे से उबला और पका हुआ मांस, मांस पकाने के बर्तन, काटने का औजार और फेंसिंग में करंट प्रवाहित करने के लिए इस्तेमाल की गई तार जब्त की गई है।
अधिया में लिए खेत में बिछाई थी करंट वाली फेंसिंग:----
मझगवां परिक्षेत्र अधिकारी रंजन सिंह परिहार ने बताया कि आरोपी राजू पटेल ने सिन्टू पांडेय का खेत अधिया पर लिया है। इसी खेत में फेंसिंग तार में करंट प्रवाहित कर जंगली सूअर का शिकार किया गया था। वन विभाग ने जब्त सामग्री को प्रकरण में शामिल कर आगे की कार्रवाई की है।
Created On :   28 Sept 2026 8:19 PM IST











