पीएम मोदी के आगमन से बिहार के विकास को लगेंगे नए पंख गिरिराज सिंह

पटना, 20 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर कहा कि जब भी प्रधानमंत्री बिहार आते हैं, तो यह राज्य के विकास के लिए एक नया मील का पत्थर साबित होता है। प्रधानमंत्री का शुरू से यह मानना रहा है कि पूर्वांचल के विकास के बिना भारत का संपूर्ण विकास संभव नहीं है।
गिरिराज सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि पूर्वांचल का अर्थ केवल एक क्षेत्र नहीं है, बल्कि इसमें नॉर्थ ईस्ट, बंगाल, ओडिशा, बिहार और झारखंड शामिल हैं। बिहार पूर्वांचल का गेटवे है। गेटवे के विकास के बिना पूर्वांचल का विकास नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री ने यह बात आज नहीं, बल्कि वर्ष 2015 में ही कही थी। उन्होंने सिर्फ कहा ही नहीं, बल्कि बिहार को संवारने और यहां के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में उनका बहुत बड़ा योगदान है, जो आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का बिहार के प्रति विशेष लगाव रहा है। बिहार को सजाने, यहां सड़क, शिक्षा, ऊर्जा और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार ने लगातार काम किया है। प्रधानमंत्री के हर दौरे के साथ बिहार को विकास की नई सौगात मिलती है और आने वाले समय में भी यह सिलसिला जारी रहेगा।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर उनकी जमकर तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी का एक साल बेमिसाल रहा है। चाहे गरीबों के कल्याण का क्षेत्र हो, ऊर्जा का क्षेत्र हो या शिक्षा का क्षेत्र हो, हर जगह उल्लेखनीय काम हुआ है। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने सरस्वती विद्या मंदिर की अवधारणा को आगे बढ़ाया। हर ब्लॉक में एक स्कूल के माध्यम से गरीब बच्चों को चुन-चुनकर लाया जा रहा है और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। नीतीश कुमार ने जो सपना देखा था कि हर ब्लॉक में एक डिग्री कॉलेज हो, उसे सम्राट चौधरी ने पूरा करने का काम किया है।
गिरिराज सिंह ने कहा कि वे आभार व्यक्त करते हैं और बिहार और बेगूसराय की जनता भी आभार व्यक्त करेगी कि सम्राट चौधरी ने बेगूसराय को दिनकर विश्वविद्यालय दिया। बेगूसराय में विश्वविद्यालय की मांग पिछले चार दशकों से चली आ रही थी। दिनकर की धरती पर दिनकर के नाम पर विश्वविद्यालय देना एक ऐतिहासिक फैसला है। शिक्षा के क्षेत्र में, विकास के क्षेत्र में और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में सरकार ने बेहतर काम किया है, यह बात पूरी तरह सही है।
प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गिरिराज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपराध पर पूरी तरह से नकेल कस दी है। घटनाएं होती हैं, लेकिन उनका अंजाम तक पहुंचना जरूरी है। अपराधी पकड़ा जाए, उस पर कार्रवाई हो, उसकी संपत्ति कुर्क हो, यह काम सम्राट चौधरी की सरकार में हो रहा है। अपराधियों की धरपकड़ लगातार की जा रही है। अपराध और अपराधी के विश्लेषण को लेकर लोगों ने तरह-तरह की बातें कही हैं, लेकिन जीरो टॉलरेंस की नीति, जो नीतीश कुमार की थी, वही सम्राट चौधरी की भी है।
गिरिराज सिंह ने कहा कि लालू प्रसाद यादव के राज में अपराधी लूट करते थे, फिरौती लेते थे और मुख्यमंत्री आवास पर उनकी पंचायती होती थी। अपराधी गिरोह को संरक्षण दिया जाता था। आज नीतीश कुमार के समय से लेकर अब तक जो काम किया गया, सम्राट चौधरी भी उसी रास्ते पर आगे बढ़कर काम कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।
राहुल गांधी के विदेश दौरे और उनके बयानों पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राहुल गांधी को 'अनडेवलप्ड चाइल्ड' बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पर बोलने का मतलब है कीचड़ पर पत्थर फेंकना। जो व्यक्ति माइक पर अपने माता-पिता की जीवनी पर ही कुछ बोल दे, उसके बारे में क्या कहा जाए।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पूरी दुनिया में जाकर भारत को गाली दे रहे हैं। अब तो उन पर तरस आता है। ऐसा व्यक्ति जो विदेश की धरती पर जाकर अपने ही देश की छवि खराब करता है, उस पर टिप्पणी करना भी व्यर्थ है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
