पीएम मोदी के चेन्नई दौरे पर भाजपा नेताओं और पूर्व छात्रों ने जताई खुशी
चेन्नई, 11 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेन्नई में जयगोपाल गारोडिया हिंदू विद्यालय के गोल्डन जुबली समारोह में शामिल होने पर भाजपा नेताओं और पूर्व छात्रों ने खुशी जताई है। भाजपा नेताओं ने पीएम मोदी को तमिल भाषा और संस्कृति का सम्मान करने वाला नेता बताया।
भाजपा नेता उमा आनंदन ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा, "वे तमिल लोगों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं। वे हमेशा तमिल भाषा की खूबियों की तारीफ करते हैं और ऐसा करने का कोई मौका नहीं चूकते और वे ऐसा सिर्फ इसलिए नहीं कर रहे हैं कि वे चेन्नई में हैं।"
उन्होंने कहा, "वे बार-बार तमिल लोगों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं और जहां भी जाते हैं, यहां तक कि विदेश में भी, प्राचीन तमिल भाषा की समृद्धि की तारीफ करते हैं। पीएम मोदी ने पिछले 25 वर्षों में खुद को साबित किया है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को इतना ऊंचा उठाया है कि हर भारतीय को गर्व होना चाहिए कि वे उनके प्रधानमंत्री हैं।"
भाजपा युवा विंग के अध्यक्ष एसजी सूर्या ने पीएम मोदी के दौरे का स्वागत करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "देखिए, हम इसका स्वागत करते हैं। डीएमके सरकार के तहत पिछले 5 साल काफी खराब रहे हैं। वे सभी योजनाओं को लेकर छोटी-छोटी लड़ाइयां करते रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा मेट्रो के लिए फंड और मंजूरी को लेकर पीएम से अपील करने और राज्य-केंद्र संबंधों पर की गई टिप्पणी के बावजूद पीएम मोदी हमेशा तमिलनाडु के विकास को लेकर चिंतित रहते हैं। पीएम का छात्रों और युवाओं पर भरोसा अटूट है। वहीं, जयगोपाल गारोडिया स्कूल की पूर्व छात्रा और बेंगलुरु स्थित रमन रिसर्च इंस्टीट्यूट (आरआरआई) की वैज्ञानिक कीर्ति प्रिया ने भी समारोह में पीएम की मौजूदगी पर खुशी जाहिर की।
कीर्ति प्रिया ने कहा, "मैं इस 50वें साल के जश्न के लिए आई हूं। मुझे यहां आकर बहुत गर्व हो रहा है और मैं स्कूल की पूरी टीम, खासकर हमारी कॉरेस्पोंडेंट मैम को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देती हूं। मुझे सच में खुशी है कि प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में शामिल हुए और आज इस कार्यक्रम में मौजूद रहना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात थी।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Oct 2026 10:51 PM IST











