पीएम मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में रक्तदान शिविर, सीएम सम्राट चौधरी ने युवा रक्तवीरों को किया सम्मानित
पटना, 17 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण की प्रेरणादायी यात्रा के उपलक्ष्य में बिहार भाजपा मुख्यालय, पटना में गुरुवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से अटल सभागार में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने किया।
रक्तदान शिविर में युवा मोर्चा के साथ अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने रक्तदान करने वाले युवा रक्तवीरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने रक्तदान कर रहे कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनके सेवा कार्य की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
इस अवसर पर सीएम सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में भारत और उसके विकास का संकल्प निरंतर दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन देश की सेवा के लिए समर्पित रहा है और इस अवधि में गरीब कल्याण तथा देश के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास, घर-घर बिजली पहुंचाने, जरूरतमंदों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करने और घर-घर शौचालय जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि जनकल्याण के साथ-साथ भारत के आर्थिक विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं।
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि देश को विकसित और समृद्ध बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन का लंबा दौर देश सेवा और विकास के प्रति समर्पित रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना करते हुए उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।
रक्तदान शिविर के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भाजपा मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, व्यक्तित्व एवं पार्टी की विचारधारा से संबंधित पुस्तकों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने प्रदर्शनी में रखी पुस्तकों का अवलोकन किया और पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के जीवन, संघर्ष और सार्वजनिक सेवा की यात्रा से संबंधित पुस्तकों को पढ़ने की सलाह दी।
कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री नीतीश मिश्रा, श्रेयसी सिंह, प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक, और संगठन महामंत्री भीखूभाई दालसनिया सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने सेवा गतिविधियों में भाग लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सामाजिक सेवा के रूप में मनाया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 Sept 2026 4:53 PM IST












