पीएम मोदी की रैली से पहले कूचबिहार में जुटे भाजपा कार्यकर्ता, बोले-ममता दीदी को एक भी वोट नहीं मिलेगा
कूच बिहार, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार शाम 4:15 बजे पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम की जनसभा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं।
प्रधानमंत्री भाजपा की 'विजय संकल्प सभा' को ऐतिहासिक रास मेला मैदान में संबोधित करेंगे, जो हाल के वर्षों में एक मजबूत भगवा गढ़ के रूप में उभरे इस क्षेत्र में आक्रामक जनसंपर्क अभियान की शुरुआत का संकेत है। यहां पर सुरक्षा व्यवस्था का पुख्ता इंतजाम है। बड़ी संख्या में पुलिस और फोर्स तैनात की गई है।
रैली में पहुंचे एक स्थानीय निवासी ने कहा, "टीएमसी ने हमसे वोट देने का अधिकार छीन लिया है। हमें 15 साल से वोट नहीं डालने दे रहे हैं। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बात सुनने आया हूं।"
दूसरे युवक ने कहा, "हम चाहते हैं कि टीएमसी की मौजूदा सरकार हार जाए। आगामी चुनाव में हम अपने वोट देने के अधिकार का सही ढंग से प्रयोग करेंगे।" एक अन्य स्थानीय व्यक्ति ने कहा, "आज की सभा से यह स्पष्ट हो जाएगा कि ममता दीदी को एक भी वोट नहीं मिलेगा।"
वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में शामिल होने से रोका गया। एक भाजपा कार्यकर्ता ने बताया, "हम अलग-अलग गांवों से एक ही वाहन में आने की योजना बना रहे थे, लेकिन किसी ने वाहन को अंदर जाने से रोक दिया। बड़ी मुश्किल से हम नरेंद्र मोदी की सभा में पहुंचे हैं।"
विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद राज्य में मोदी की यह पहली चुनावी रैली है, जबकि रास मेला मैदान में प्रधानमंत्री की यह चौथी जनसभा होगी। इससे पहले 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव और 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी इसी मैदान पर विशाल जनसभा को संबोधित कर चुके हैं। पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे, जबकि मतगणना 4 मई को होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले 14 मार्च को पश्चिम बंगाल के दौरे पर पहुंचे थे, तब उन्होंने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक रैली को संबोधित किया था और करीब 18,680 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और उद्घाटन किया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 April 2026 1:56 PM IST












