पीएम मोदी को स्वीडन में मिले सम्मान पर शिवसेना ने जताया गर्व, आनंद दुबे ने एसआईआर और महंगाई पर केंद्र को घेरा
मुंबई, 18 मई (आईएएनएस)। शिवसेना के प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े ने एसआईआर और मतदाता सूची सत्यापन अभियान, कांग्रेस-शासित राज्यों में ईंधन की कीमतों से जुड़े मुद्दों और प्रधानमंत्री मोदी को मिले विदेशी सम्मान पर अपनी बात रखी। वहीं, शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने एसआईआर और महंगाई पर केंद्र को घेरा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वीडन की प्रतिष्ठित ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार’ सम्मान से सम्मानित किया गया है। इस पर शिवसेना के प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि यह भारत के लिए गौरव की बात है।
एसआईआर और मतदाता सूची सत्यापन अभियान को लेकर कृष्णा हेगड़े ने कहा कि उपमुख्यमंत्री और शिवसेना के प्रमुख नेता एकनाथ शिंदे ने पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि सभी बूथ स्तर पर जाकर काम करें। जो हमारे देश के असली मतदाता हैं, उनकी पहचान करें। इसके अलावा चुनाव आयोग के अधिकारियों की एसआईआर प्रक्रिया में सहायता प्रदान करें।
कांग्रेस शासित राज्यों में ईंधन की कीमतों से जुड़े मुद्दों पर हेगड़े ने कहा कि तेलंगाना में कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल महंगा कर दिया है। इससे पहले कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में कीमतों में बढ़ोतरी की हुई थी। कांग्रेस के घोषणा पत्र में जो बाते कही जाती हैं, जमीनी स्तर पर नहीं दिखाई देती है।
वहीं, शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कांग्रेस शासित राज्यों में ईंधन की कीमतों से जुड़े मुद्दों पर समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि पूरे भारत में पेट्रोल और डीजल की किल्लत है। पीएम मोदी के अपील पर हम सब सार्वजनिक वाहन का इस्तेमाल कर रहे हैं। तेलंगाना हो या भाजपा शासित राज्य हो सब अपने तरीके से काम करती हैं। तेलंगाना अभी एक नया राज्य है,ऐसे में हम सबको उसके साथ सहयोग की भावना रखनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के बीच अच्छे संबंध हैं। ऐसे में केंद्र सरकार की तरफ से सहयोग मिलेगा। इसका विरोधाभास नहीं होना चाहिए कि उन्होंने लगा दी और भाजपाईयों ने नहीं लगाई। केरल में सीएम के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर आनंद दुबे ने कहा कि हमें लगता है कि यह सरकार बहुत अच्छा काम करेगी।
एसआईआर प्रक्रिया को लेकर उन्होंने केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पिछले 12 साल से केंद्र में भाजपा की सरकार है। ऐसे में अगर अभी भी घुसपैठिए देश के अंदर घूम रहे हैं तो यह किसकी विफलता है। अपनी विफलताओं की चादर ओढ़कर जनता के सामने आकर अपना ही मजाक बना रहे हो।
उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को सोचना चाहिए कि घुसपैठियों को एसआईआर के माध्यम से उनका नाम हटाना है, लेकिन आप अगर उनको देश के अंदर घुसाना चाहते हो तो जनता आपको माफ नहीं करेगी। एसआईआर का किसी पार्टी ने विरोध नहीं किया है, लेकिन इसके नाम पर असली मतदाताओं का नाम काटा जाएगा तो विरोध का सामना करना पड़ेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वीडन में मिले सर्वोच्च सम्मान मिलने पर शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की। उन्होंने कहा कि जब देश के प्रधानमंत्री को सम्मान मिलता है तो पीएम पद को लेकर जो गौरव होना चाहिए वह हमें होता है, लेकिन एक सरकार होने के नाते जिस प्रकार देश को इस वैश्विक संकट में संभालने की जरूरत है, क्या भाजपा नीत सरकार ऐसा कर रही है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देश में ईंधन की किल्लत है, महंगाई अपने चरम पर है, रुपए में गिरावट और डॉलर मजबूत हो रहा है, ऐसी स्थिति में मन व्यथित होता है। हम अगर सरकार की आलोचना करते हैं तो भाजपाई हमें तिरस्कृत करते हैं।
उन्होंने कहा कि जब देश का प्रधानमंत्री विदेश में सम्मान पाता है तो हमें गर्व महसूस होता है, लेकिन वही प्रधानमंत्री देश में निष्क्रिय हो जाते हैं तो मन दुखी होता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 May 2026 10:44 PM IST












