पीएम सूर्य घर योजना से बिजली बिल में 80 फीसदी तक आई कमी, लाभार्थी मन्नत सिंह ने सरकार का जताया आभार
झांसी, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्र सरकार की तरफ से कई तरह की जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन्हीं में से एक प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना है। उत्तर प्रदेश के झांसी में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की लाभार्थी मन्नत सिंह ने योजना से मिले लाभ को लेकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की है।
उन्होंने कहा कि योजना का लाभ उन्हें बिना किसी परेशानी के आसानी से मिला और इससे उनके बिजली बिल में करीब 80 प्रतिशत तक की कमी आई है।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में मन्नत सिंह ने बताया कि पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल 8,000 से 10,000 रुपए तक आता था, लेकिन सोलर सिस्टम लगने के बाद यह घटकर लगभग 2,500 से 3,000 रुपए रह गया है। उन्होंने बताया कि उनके घर पर करीब 1.08 लाख रुपए की सौर ऊर्जा क्षमता स्थापित की गई है, जिससे उन्हें आर्थिक राहत मिली है।
मन्नत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की पहल से लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है और उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के कारण गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को राहत मिली है।
मन्नत सिंह ने आवास, स्वास्थ्य और अन्य सामाजिक कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना केंद्र सरकार की प्रमुख योजना है, जिसका उद्देश्य घरों की छतों पर सौर पैनल लगाकर आवासीय उपभोक्ताओं को बिजली के क्षेत्र में राहत देना और देश में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना है। योजना के तहत पात्र परिवारों को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ मिल सकता है।
केंद्र सरकार ने देशभर में एक करोड़ परिवारों को योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए 75,021 करोड़ रुपए के बजट को मंजूरी दी गई है। रूफटॉप सोलर सिस्टम की क्षमता के आधार पर केंद्र सरकार की वित्तीय सहायता सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Oct 2026 11:11 PM IST











