प्रधानमंत्री मोदी की र‍िकॉर्ड उपलब्‍ध‍ि की वैश्‍व‍िक सराहना, म‍ित्र देशों से प्र‍ियजनों ने भेजे बधाई संदेश

प्रधानमंत्री मोदी की र‍िकॉर्ड उपलब्‍ध‍ि की वैश्‍व‍िक सराहना, म‍ित्र देशों से प्र‍ियजनों ने भेजे बधाई संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर दुनियाभर केनेताओं ने उन्‍हें बधाई दी। बुधवार को उन्‍होंने प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 द‍िनों का कार्यकाल पूरा क‍िया।

नई द‍िल्‍ली, 10 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर दुनियाभर केनेताओं ने उन्‍हें बधाई दी। बुधवार को उन्‍होंने प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 द‍िनों का कार्यकाल पूरा क‍िया।

मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट में कहा, ''भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर रहने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई। मालदीव आपसी सम्मान, संप्रभु समानता और साझा हितों के आधार पर भारत के साथ सहयोग को और मजबूत करने के लिए उत्सुक है।''

केन्या गणराज्य के राष्ट्रपति विलियम सामोई रुटो ने भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई संदेश भेजा। उन्होंने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्ट किया, ' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक सेवा में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने पर हार्दिक बधाई। आज आप भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। यह विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र में लगातार तीन कार्यकालों के दौरान भारत की जनता द्वारा आपके नेतृत्व पर जताए गए विश्वास और भरोसे को दर्शाता है। साधारण शुरुआत से इस मुकाम तक का आपका सफर समर्पण, दृढ़ता और सार्वजनिक सेवा का प्रमाण है। केन्या भारत के साथ अपनी मजबूत और स्थायी साझेदारी को महत्व देता है और दोनों देशों की जनता के पारस्परिक लाभ के लिए सहयोग को और गहरा करने की आशा रखता है। भारत की जनता की सेवा में आपकी निरंतर सफलता के लिए शुभकामनाएं।

टेक्सास से रिपब्लिकन अमेरिकी सीनेटर जॉन कॉर्निन ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट में कहा, ''भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बनने पर पीएम नरेंद्र मादी को बधाई। तीन बार लोकतांत्रिक जनादेश के जरिए 1.4 अरब लोगों का भरोसा जीतकर 4,399 दिनों तक नेतृत्व किया। 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने से लेकर भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने तक, पीएम मोदी का कार्यकाल बदलाव लाने वाला रहा है। अमेरिका-भारत की साझेदारी पहले से कहीं ज्‍यादा मजबूत हुई है।''

भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने भी प्रधानमंत्री मोदी को उनकी र‍िकॉर्ड उपलब्‍ध‍ि पर बधाई दी। उन्होंने 'एक्‍स' पर पोस्ट किया, ''भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने के लिए पीमए नरेंद्र मोदी को बधाई। अपने दोस्त और इजरायल के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे पीमए नेतन्‍याहू की तरह आपने कई बड़े सुधारों के जरिए भारतीय अर्थव्यवस्था को बदल दिया है और देश को सफलता की राह पर आगे बढ़ाया है।''

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी तस्‍वीर साझा करते हुए उन्हें बधाई संदेश भेजा। स्कॉट मॉरिसन ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर लिखा, ''भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बनने पर नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई। एक सच्चे राजनेता जिन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था और दुनिया में देश की साख को बदल दिया है। हमें उस व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर गर्व है जिसे हमने मिलकर बनाया है। बधाई हो मेरे दोस्त।''

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 Jun 2026 12:41 PM IST

Tags

Next Story