प्रधानमंत्री मोदी ने आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम सड़क हादसे पर जताया शोक, पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा

प्रधानमंत्री मोदी ने आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम सड़क हादसे पर जताया शोक, पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना पर शोक जताया है। उन्होंने दुर्घटना के बाद पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की भी घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने यह जानकारी दी।

नई दिल्ली/अमरावती, 26 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना पर शोक जताया है। उन्होंने दुर्घटना के बाद पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की भी घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने यह जानकारी दी।

पीएमओ के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि घायल व्यक्ति शीघ्र से शीघ्र स्वस्थ हों।

उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।

इससे पहले, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राज्य के मार्कपुरम में हुई सड़क दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इस घटना पर अपनी गहरी पीड़ा व्यक्त की, जिसमें एक ट्रक से टक्कर के बाद एक निजी बस में सवार कई यात्री जिंदा जल गए।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि सीएम नायडू ने दुर्घटना का विवरण जानने के लिए अधिकारियों से बात की। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि 'हरिकृष्ण ट्रैवल्स' की यह बस तेलंगाना राज्य के निर्मल से नेल्लोर जा रही थी। उन्होंने अधिकारियों को दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच करने और एक रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया।

बता दें कि आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में गुरुवार को एक निजी ट्रैवल बस की टिपर ट्रक से टक्कर हो गई, जिसके बाद उसमें आग लग गई। इस भीषण दुर्घटना में 14 लोग जलकर मर गए और 15 अन्य घायल हो गए।

यह दुर्घटना रायवरम के पास गुरुवार सुबह 6.30 बजे हुई, जब एक पत्थर की खदान के पास बस की ट्रक से टक्कर हो गई। आग लगने से दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

टक्कर के समय हरिकृष्णा ट्रैवल्स की बस में 35 यात्री सवार थे। 15 यात्री घायल हो गए, जिन्हें मार्कपुरम के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों और घायलों में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। आग लगने के तुरंत बाद दस यात्री बस से उतरने में कामयाब रहे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 March 2026 10:52 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story