प्रद्युत बोरदोलोई ने कांग्रेस छोड़कर गलती की है मनोज कुमार

प्रद्युत बोरदोलोई ने कांग्रेस छोड़कर गलती की है  मनोज कुमार
कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने असम सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के कांग्रेस से इस्तीफा देने और इसके बाद शीर्ष नेतृत्व पर उठाए गए सवालों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि हर पार्टी में मनमुटाव और कलह होता है, इसका मतलब यह नहीं कि आप उस पार्टी में चले जाएं, जिसकी विचारधारा के खिलाफ हम सभी लोग लड़ रहे हैं। कांग्रेस सांसद ने दावा किया कि प्रद्युत बोरदोलोई ने पार्टी छोड़कर गलती की है।

नई दिल्ली, 19 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने असम सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के कांग्रेस से इस्तीफा देने और इसके बाद शीर्ष नेतृत्व पर उठाए गए सवालों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि हर पार्टी में मनमुटाव और कलह होता है, इसका मतलब यह नहीं कि आप उस पार्टी में चले जाएं, जिसकी विचारधारा के खिलाफ हम सभी लोग लड़ रहे हैं। कांग्रेस सांसद ने दावा किया कि प्रद्युत बोरदोलोई ने पार्टी छोड़कर गलती की है।

नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने कहा कि जब कोई पार्टी छोड़कर चला जाता है तो जाहिर तौर पर वे पुरानी पार्टी पर तरह-तरह के सवाल खड़े करता है। लेकिन, मैं एक बात स्पष्ट तौर पर बताना चाहता हूं कि कोई अगर यह कहता है कि राहुल गांधी से मुलाकात नहीं होती है, तो यह सरासर गलत है। हमारी राहुल गांधी से मुलाकात होती है। हम लोग सदन में रोज उनसे मिलते हैं और अपनी बातें रखते हैं।

उन्होंने कहा कि बजट सत्र के पहले चरण में सभी सांसदों के साथ बैठक भी हुई थी। प्रद्युत बोरदोलोई को भागना था और वह भाग गए। भागने के बाद हजार तरह के आरोप लगाए जाते हैं। लेकिन, मैं समझता हूं कि उन्होंने कांग्रेस छोड़कर गलती की है।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि मुझे लगता है कि प्रद्युत बोरदोलोई बिक गए होंगे। भाजपा के पास सभी कुछ है। प्रद्युत बोरदोलोई खुद बिकाऊ हैं और हमारे नेतृत्व पर सवाल उठा रहे हैं। जिस पार्टी में अब वह गए हैं, क्या वहां कलह नहीं है। क्या वहां उतार-चढ़ाव नहीं है। एक दिन वो भाजपा छोड़कर कहेंगे कि प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात नहीं हो पाती इसलिए दूसरे दल में आ गया।

भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा राहुल गांधी पर दिए गए बयान को कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं प्रधानमंत्री मोदी से कहना चाहता हूं कि एक तरफ आप सदन में मर्यादा और नियमों की बात करते हैं, वहीं दूसरी तरफ आपके ही सांसद इस तरह के बयान दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कंगना रनौत को टीआरपी बटोरने के लिए बयान देना है तो देते रहिए। लेकिन भाजपा को समझना चाहिए कि विपक्ष के नेता के ऊपर में इस प्रकार का आरोप लगाना, इस प्रकार की बातें कहना, ये देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। करोडों महिलाएं-बहनें राहुल गांधी को बेटा, भाई मानती हैं। 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान महिलाओं, माताओं और बहनों का आशीर्वाद मिला। हमारी पार्टी में भी महिलाएं हैं और सभी का सम्मान किया जाता है।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि कंगना रनौत को इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए था। भाजपा अगर बयान दिलवा रही है तो गलत है, यहां की मालिक जनता है, पूरा देश कंगना रनौत के बयान को देख रहा है। भले ही राहुल गांधी के खिलाफ कितने भी बयान दिलवाते रहिए, राहुल गांधी माताओं-बहनों की आवाज बने रहेंगे। संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए आवाज उठाते रहेंगे, हम उनके सिपाही होने के नाते लड़ते रहेंगे।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर के बयान पर मनोज कुमार ने कहा कि हमारी नेता सोनिया गांधी ने ईरान के सुप्रीम लीडर की हत्या पर सरकार को आईना दिखाने का काम किया। शशि थरूर के बयान पर ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा। जो युद्ध चल रहा है, उसमें भारत नहीं है। हम उस युद्ध में क्यों जाएंगे। लेकिन, सवाल यह है कि ईरान से हमारा संबंध था, वहां के सुप्रीम लीडर की हत्या कर दी जाती है। लेकिन, हम शोक भी व्यक्त नहीं करते हैं। विदेश नीति धीरे-धीरे नीचे जा रही है और कमजोर हो रही है। विदेश नीति मजबूत होगी तभी हम विश्वगुरु बनेंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 March 2026 6:40 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story