पॉल स्टर्लिंग ने छोड़ी आयरलैंड की टी20 कप्तानी

पॉल स्टर्लिंग ने छोड़ी आयरलैंड की टी20 कप्तानी
पॉल स्टर्लिंग ने आयरलैंड के टी20 इंटरनेशनल कप्तान का पद छोड़ दिया है। हालांकि, स्टर्लिंग एक दिवसीय क्रिकेट में टीम की कप्तानी करते रहेंगे। हाल ही में खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आयरलैंड का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था और टीम ग्रुप स्टेज में ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी।

डबलिन, 19 मार्च (आईएएनएस)। पॉल स्टर्लिंग ने आयरलैंड के टी20 इंटरनेशनल कप्तान का पद छोड़ दिया है। हालांकि, स्टर्लिंग एक दिवसीय क्रिकेट में टीम की कप्तानी करते रहेंगे। हाल ही में खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आयरलैंड का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था और टीम ग्रुप स्टेज में ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी।

आयरलैंड की टीम ने 2028 में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए योजना बनाना शुरू कर दी है और इसी कारण 35 वर्षीय स्टर्लिंग ने इस फॉर्मेट से बतौर कप्तान दूरी बनाने का फैसला लिया है। स्टर्लिंग को अक्टूबर 2023 में वनडे और टी20 टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था और वह टी20 विश्व कप 2026 में टीम की कप्तानी करते नजर आए थे।

भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित हुए इस टूर्नामेंट में पांच टीमों के ग्रुप बी में आयरलैंड चौथे स्थान पर रही थी। आयरलैंड को एकमात्र जीत सिर्फ ओमान के खिलाफ ही मिली थी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के खिलाफ टीम को हार का सामना करना पड़ा था, जबकि जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम का मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था।

कप्तानी में इस बदलाव के परिणामस्वरूप अब आयरलैंड की पुरुष टीम के तीनों फॉर्मेट के लिए अलग-अलग कप्तान होंगे। टेस्ट मैचों में टीम का नेतृत्व एंड्रयू बालबर्नी करेंगे, वनडे में स्टर्लिंग कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि टी20 इंटरनेशनल में कप्तान की घोषणा बाद में की जाएगी।

स्टर्लिंग ने गुरुवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा, "इस फॉर्मेट में आयरलैंड का नेतृत्व करना मेरे लिए एक बहुत बड़ा सम्मान रहा है और यह कुछ ऐसा है जिस पर मुझे बेहद गर्व है। अपने देश की कप्तानी करना एक ऐसा सौभाग्य है जिसके साथ बड़ी जिम्मेदारी भी आती है और इस भूमिका में अपने कार्यकाल के दौरान मुझे जो विश्वास और समर्थन मिला है, उसके लिए मैं बहुत आभारी हूं।"

स्टर्लिंग ने आगे कहा, "मैं अपने साथियों, कोचिंग स्टाफ, व्यापक सहयोगी स्टाफ और क्रिकेट आयरलैंड से जुड़े हर उस व्यक्ति को धन्यवाद देना चाहूंगा, जिन्होंने पूरे समय मेरा साथ दिया। मैं फैंस के समर्थन की भी बहुत सराहना करता हूं, जो हर जगह हमारा समर्थन करने पहुंचते हैं। मैं टी20 कप्तानी छोड़ रहा हूं, लेकिन मैं आयरलैंड टीम के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं और वनडे कप्तान के रूप में अपनी भूमिका निभाता रहूंगा।" पॉल स्टर्लिंग टी20 विश्व कप 2026 में सिर्फ 2 ही मैच खेल सके थे। स्टर्लिंग को इंजरी की वजह से टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 March 2026 7:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story