प्रशिक्षण उड़ान के दौरान नौसेना का यूएवी ‘दृष्टि-10’ दुर्घटनाग्रस्त
नई दिल्ली, 8 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना का मानव रहित हवाई वाहन (यूएवी) ‘दृष्टि-10’ एक दुर्घटना का शिकार हो गया है। यह नौसेना का एक बेहद महत्वपूर्ण यूएवी है। यह दुर्घटना गुजरात में हुई है। भारतीय नौसेना ने बुधवार को इसकी पुष्टि की।
नौसेना ने पुष्टि करते हुए कहा कि उसका मानव रहित हवाई वाहन (यूएवी) दृष्टि-10 आठ जुलाई की दोपहर प्रशिक्षण उड़ान के दौरान गुजरात के पोरबंदर हवाई क्षेत्र के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में जमीन पर किसी भी व्यक्ति के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
भारतीय नौसेना ने जारी बयान में कहा कि दृष्टि-10 यूएवी नियमित प्रशिक्षण मिशन पर था। माना जा रहा है कि उड़ान के दौरान तकनीकी या अन्य कारणों से यूएवी नियंत्रण से बाहर हो गया। इसके बाद यह यूएवी पोरबंदर एयरफील्ड के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना के तुरंत बाद संबंधित एजेंसियों और सुरक्षा दलों को मौके पर भेजा गया।
नौसेना ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना में कोई चोट या जनहानि नहीं हुई है, जिससे संभावित हादसा टल गया। दुर्घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया गया है और मलबे की जांच की जा रही है। वहीं इस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए एक विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
नौसेना के विशेषज्ञ और तकनीकी अधिकारी दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेंगे। प्रारंभिक जांच में उड़ान संबंधी आंकड़ों, संचार प्रणाली, तकनीकी उपकरणों और मौसम संबंधी परिस्थितियों का भी विश्लेषण किया जाएगा।
गौरतलब है कि दृष्टि-10 भारतीय नौसेना द्वारा समुद्री निगरानी, खुफिया जानकारी जुटाने, टोही अभियानों और तटीय सुरक्षा के लिए इस्तेमाल किया जाता है। समुद्री निगरानी में इस्तेमाल किए जाने वाला यह एक आधुनिक मानव रहित विमान है। यह लंबे समय तक हवा में रहने और दूरस्थ क्षेत्रों की निगरानी करने में सक्षम माना जाता है।
नौसेना ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों के बारे में कोई निष्कर्ष निकाला जाएगा। फिलहाल घटना में किसी प्रकार की जनहानि न होने को राहत की बात माना जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 July 2026 10:07 PM IST












