प्रयागराज में बड़ा हादसा, कोल्ड स्टोरेज की छत गिरने से चार मजदूरों की मौत, कई घायल

प्रयागराज में बड़ा हादसा, कोल्ड स्टोरेज की छत गिरने से चार मजदूरों की मौत, कई घायल
उत्तर प्रदेश के फाफामऊ क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें कोल्ड स्टोरेज की इमारत तेज धमाके के साथ ढह गई। हादसा छत गिरने से हुआ, जिसमें चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। राहत और बचाव कार्य जारी है।

प्रयागराज, 23 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के फाफामऊ क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें कोल्ड स्टोरेज की इमारत तेज धमाके के साथ ढह गई। हादसा छत गिरने से हुआ, जिसमें चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। राहत और बचाव कार्य जारी है।

घटना प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर स्थित चंदापुर गांव की है, जहां एक निजी कोल्ड स्टोरेज अचानक जोरदार धमाके के बाद धराशायी हो गया। पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और अब तक 16 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है।

इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

प्रशासन के अनुसार, यह कोल्ड स्टोरेज स्थानीय व्यवसायी अंसार अहमद का बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में संरचनात्मक लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच जिलाधिकारी स्तर पर कराई जा रही है, जबकि पुलिस भी सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। हादसे के बाद प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर यातायात बाधित हो गया, जिससे मलाक हरहर इलाके में लंबा जाम लग गया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर यातायात को डायवर्ट किया गया है।

मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद ली जा रही है और राहत कार्य देर शाम तक जारी रहा। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहकर बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि मलबे में दबे सभी लोगों को निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन ने हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 March 2026 7:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story