पुडुचेरी चुनाव इलेक्शन में टेक्नोलॉजी का तड़का, पोलिंग बूथ पर रोबोट ने किया मतदाताओं का स्वागत
नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को सभी 30 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। लोग उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने की कोशिश जारी है। इसी बीच इस चुनाव में तकनीक और परंपरा का अनोखा संगम देखने को मिला।
भारत निर्वाचन आयोग ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में जानकारी दी कि पुडुचेरी में साड़ी पहने 'नीला' नाम का वेलकम रोबोट इंटरनेशनल इलेक्शन विजिटर्स प्रोग्राम (आईईवीपी) के प्रतिनिधियों का स्वागत कर रहा है। आयोग ने एक्स पोस्ट में लिखा, "पुडुचेरी में नवाचार और परंपरा का संगम। स्वागत करने वाला बॉट 'नीला', इंटरनेशनल इलेक्शन विजिटर्स प्रोग्राम (आईईवीपी) के प्रतिनिधियों का स्वागत करता है, जो पुडुचेरी की जीवंत चुनावी प्रक्रिया के साक्षी बन रहे हैं।"
इससे पहले भी चुनाव आयोग ने एक वीडियो साझा करते हुए बताया था कि एक मतदान केंद्र पर रोबोट मतदाताओं का स्वागत कर रहा है। पोस्ट में कहा गया, "स्वैग के साथ स्वागत। पुडुचेरी के एक मतदान केंद्र पर एक रोबोट मतदाताओं का स्वागत कर रहा है। यह कर्तव्य और जिम्मेदारी का दिन है, चलिए वोट डालने चलते हैं।"
मतदान केंद्रों पर इस नीला रोबोट ने मतदाताओं को आकर्षित करने के साथ-साथ चुनाव प्रक्रिया को और अधिक आधुनिक और आकर्षक बनाने का भी काम किया है। मतदाताओं के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने भी इस पहल की सराहना की है।
मतदान शाम तक जारी रहेगा और सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि वे अपने अधिकार का प्रयोग अवश्य करें। शासन, कल्याणकारी योजनाएं, रोजगार और नेतृत्व जैसे मुद्दे चुनाव के केंद्र में हैं। अब 4 मई को आने वाले नतीजे तय करेंगे कि पुडुचेरी में एनडीए सरकार बनी रहती है या राजनीतिक दिशा में बदलाव आता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 April 2026 4:04 PM IST












