'यूरेनियम संवर्धन नहीं रोकेगा तेहरान', ईरान के परमाणु ऊर्जा प्रमुख का दावा
तेहरान, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान ने अमेरिकी डिमांड को नजरअंदाज करते हुए दावा किया कि यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम को रोका नहीं जाएगा। सीजफायर ऐलान के बीच ईरान के परमाणु ऊर्जा प्रमुख मोहम्मद इस्लामी का ये बयान स्थिति को और जटिल बना सकता है।
सरकार समर्थित ईरान स्टूडेंट्स न्यूज एजेंसी (आईएसएनए) ने इस्लामी के हवाले से ये जानकारी दी। इस्लामी ने कहा, "आक्रामण करने वाले ईरान के संवर्धन कार्यक्रम को सीमित करने में सफल नहीं होंगे।"
उनकी ये टिप्पणियां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अन्य अमेरिकी अधिकारियों द्वारा दिए गए बयानों के विपरीत हैं। जिन्होंने कहा था कि ईरान में "यूरेनियम का कोई संवर्धन नहीं" होगा।
संघर्ष विराम की घोषणा के बाद ट्रंप ने बुधवार को ट्रूथ सोशल पर लिखा, "अमेरिका ईरान के साथ मिलकर काम करेगा, जिसके बारे में हमने यह तय किया है कि वह एक बहुत ही सफल 'सत्ता परिवर्तन' के दौर से गुजरा है! अब यूरेनियम का संवर्धन नहीं किया जाएगा। अमेरिका, ईरान के साथ मिलकर, जमीन में बहुत गहराई में दबी हुई (बी-2 बॉम्बर्स) सभी परमाणु "कणों" को खोदकर बाहर निकाल देगा। कड़ी सैटेलाइट निगरानी के तहत ये मुमकिन होगा। हमले की तारीख से लेकर अब तक किसी भी चीज को छुआ नहीं गया है। हम ईरान के साथ टैरिफ और प्रतिबंधों में राहत देने के मुद्दे पर बातचीत कर रहे हैं, और आगे भी करते रहेंगे। 15 में से कई बिंदुओं पर पहले ही सहमति बन चुकी है।"
मोहम्मद इस्लामी ने कहा, "दुश्मन ईरान के संवर्धन कार्यक्रम को सीमित करने में सफल नहीं होगा," और माना कि अमेरिका के साथ बातचीत के लिए यूरेनियम संवर्धन के अधिकार की रक्षा करना 'आवश्यक' है। इस्लामी ने कहा कि ऐसी मांगें "कोरी कल्पना" हैं और वे ईरान की परमाणु गतिविधियों को नहीं रोक सकतीं।
इस्लामी ने ये टिप्पणियां पत्रकार वार्ता के दौरान कीं। यह बातचीत दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई।
मोहम्मद इस्लामी ने कहा, "कोई भी कानून या व्यक्ति हमें नहीं रोक सकता," और साथ ही यह भी जोड़ा कि विरोधियों के पिछले कदम, जिनमें मौजूदा युद्ध भी शामिल है, नाकाम रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 April 2026 5:00 PM IST











