पुणे में कॉलेज के बाहर तेज रफ्तार ट्रक ने छात्रों को कुचला, तीन की मौत, दो गंभीर घायल

पुणे में कॉलेज के बाहर तेज रफ्तार ट्रक ने छात्रों को कुचला, तीन की मौत, दो गंभीर घायल
पुणे के येवलेवाडी इलाके में 'ट्रिनिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड रिसर्च' के मुख्य गेट के सामने बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन छात्रों की मौत हो गई, जबकि दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुणे, 25 नवंबर (आईएएनएस)। पुणे के येवलेवाडी इलाके में 'ट्रिनिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड रिसर्च' के मुख्य गेट के सामने बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन छात्रों की मौत हो गई, जबकि दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

डीजे का सामान लेकर बोपदेव घाट से नीचे उतर रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पहले आगे चल रही हुंडई कार को टक्कर मारी और इसके बाद बस स्टॉप पर खड़े छात्रों को अपनी चपेट में ले लिया।

येवलेवाडी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मारुति पाटील ने आईएएनएस को बताया कि ट्रक बोपदेव घाट की ओर से नीचे आ रहा था। कॉलेज के मुख्य गेट के सामने ट्रक ने पहले एक हुंडई कार को टक्कर मारी। इसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर बस स्टॉप की ओर चला गया, जहां छात्र खड़े थे। ट्रक की जोरदार टक्कर में तीन छात्रों की मौत हो गई, जबकि दो छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

घायल छात्रों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के मुताबिक, ट्रक चालक की पहचान प्रतीक मारुति चव्हाण (22), निवासी मालशिरस, पुरंदर के रूप में हुई है। उसे मेडिकल जांच के लिए ससून अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार के कारण चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते यह हादसा हुआ। मामले की आगे जांच की जा रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story