पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी में बलूचिस्तान के मस्तुंग में एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत, सैकड़ों घायल होने का दावा

पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी में बलूचिस्तान के मस्तुंग में एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत, सैकड़ों घायल होने का दावा
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग जिले में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की गोलाबारी में एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत और सैकड़ों लोगों के घायल होने का दावा किया गया है। स्थानीय बुजुर्गों और प्रतिनिधियों के एक दल ने स्थानीय मीडिया के हवाले से यह जानकारी दी।

क्वेटा, 25 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग जिले में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की गोलाबारी में एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत और सैकड़ों लोगों के घायल होने का दावा किया गया है। स्थानीय बुजुर्गों और प्रतिनिधियों के एक दल ने स्थानीय मीडिया के हवाले से यह जानकारी दी।

मस्तुंग की करदेगाप तहसील के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को पाकिस्तान की नेशनल पार्टी के नेता अब्दुल मलिक बलूच से मुलाकात के दौरान क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई से हुए नुकसान और स्थानीय लोगों की स्थिति के बारे में जानकारी दी।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, चार यूनियन परिषदों में सैन्य अभियान से करीब 70 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय निवासियों को अपने घर खाली करने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया है। प्रतिनिधियों ने बताया कि मस्तुंग के गुरगिना इलाके में किल्ली पसुंद खान बाजार को जलाए जाने से करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। इस दौरान कई दुकानें, पशुधन, दर्जनों मकान और आभूषण भी कथित तौर पर नष्ट हो गए।

उन्होंने आरोप लगाया कि किल्ली गुफ्तारी और किल्ली खुरासानी की सभी दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया। कृषि योजनाओं को बिजली उपलब्ध कराने वाले सौर ऊर्जा संयंत्रों को भी नुकसान पहुंचाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने अब्दुल मलिक बलूच से हस्तक्षेप की अपील करते हुए स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को नुकसान का मुआवजा दिलाने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया।

पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की कथित गोलाबारी, आगजनी और धमकी की घटनाओं की निंदा करते हुए अब्दुल मलिक बलूच ने किल्ली पसुंद खान बाजार को जलाए जाने को बेहद दुखद और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि नागरिकों की जान और संपत्ति की सुरक्षा करना सरकार की बुनियादी जिम्मेदारी है।

उन्होंने लोगों को उनके पुश्तैनी घरों से विस्थापित किए जाने को अस्वीकार्य बताते हुए कहा कि नेशनल पार्टी जबरन विस्थापन का विरोध करती है। उन्होंने कहा कि नागरिक गंभीर कठिनाइयों, भय और असुरक्षा का सामना कर रहे हैं। किसी भी कार्रवाई में मानव जीवन और मौलिक अधिकारों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

इससे पहले, मस्तुंग जिले में संगार रेलवे क्रॉसिंग के पास पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की ड्रोन हमले की घटना में तीन नागरिक घायल हो गए थे। स्थानीय मीडिया ने निवासियों के हवाले से बताया कि यह हमला रविवार देर रात हुआ था और घायलों में एक की हालत गंभीर थी। निवासियों के मुताबिक, तीनों नागरिक घरेलू इस्तेमाल के लिए पाइपलाइन में छेद कर गैस निकालने की कोशिश कर रहे थे, तभी पास के पाकिस्तान फ्रंटियर कॉर्प्स (एफसी) शिविर से ड्रोन हमला किया गया।

यह घटना शनिवार को मस्तुंग के गुरगिना इलाके में पाकिस्तानी सेना की कार्रवाई की खबरों के बाद हुई थी। उस दौरान कथित तौर पर आवासीय इलाकों में मोर्टार के गोले गिरने से संपत्ति को नुकसान पहुंचा था। बलूचिस्तान में हालिया घटनाओं ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर नागरिकों के खिलाफ कथित मानवाधिकार उल्लंघनों, आगजनी, गोलाबारी, धमकी और जबरन गायब किए जाने के आरोपों को फिर सामने ला दिया है। इन घटनाओं के बाद स्थानीय परिवारों में भय और अनिश्चितता का माहौल बताया जा रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story