मऊगंज न्यूज: बेटी की शादी के अरमानों पर फिरा पानी: बाड़े में सेंध लगाकर 30 बकरे-बकरियां ले उड़े चोर

नईगढ़ी बंधवा कोठार की घटना; 5 लाख से अधिक का नुकसान, अप्रैल में बेटी का विवाह करने की तैयारी में था पशुपालक

डिजिटल डेस्क मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के बंधवा कोठार गांव में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने एक पशुपालक के बाड़े में सेंध लगाकर 30 बकरे-बकरियां पार कर दीं। चोरी गए मवेशियों की कीमत 5 लाख रुपए से अधिक आंकी गई है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है, क्योंकि पशुपालक आगामी अप्रैल में होने वाली बेटी की शादी का खर्च जुटाने के लिए ही इन मवेशियों को बेचने की तैयारी कर रहा था।

रात में सोता रहा परिवार, बाड़े से मवेशी ले गए बदमाश

जानकारी के अनुसार, बंधवा मोड़ के पास स्थित बंधवा कोठार निवासी संतोष कुमार जायसवाल पिता बुद्धी प्रसाद जायसवाल पशुपालन कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मंगलवार रात वे रोज की तरह परिजनों के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने मवेशी रखने वाले बाड़े की दीवार में सेंध लगाई और भीतर बंधी सभी 30 बकरे-बकरियों को खोलकर ले गए।

सुबह टूटी दीवार देख उड़े होश, डायल-112 को दी सूचना

बुधवार सुबह जब संतोष मवेशियों की देखरेख के लिए बाड़े में पहुंचे, तो दीवार में सेंध लगी थी और सभी बकरे-बकरियां गायब थीं। आसपास तलाशने पर भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने तत्काल डायल-112 को सूचना दी और नईगढ़ी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

बेटी के हाथ पीले करने की जुटाई थी पूंजी

पीड़ित संतोष ने बताया कि आगामी अप्रैल माह में उनकी बेटी का विवाह होना है। शादी के खर्च के लिए ही उन्होंने लंबे समय से मेहनत कर इन मवेशियों को पाला था। उन्हें बेचकर विवाह की व्यवस्था करने की योजना थी, लेकिन चोरी ने परिवार की सारी तैयारियों पर पानी फेर दिया।

वर्जन...

"पीड़ित पशुपालक की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों से पूछताछ और आरोपियों की तलाश की जा रही है।"

— अनिल काकडे, थाना प्रभारी, नईगढ़ी


Created On :  

Tags

Next Story