मऊगंज न्यूज: मऊगंज कलेक्टर की अनूठी पहल: पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए तय किया हर महीने का पहला मंगलवार

मऊगंज कलेक्टर की अनूठी पहल: पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए तय किया हर महीने का पहला मंगलवार
कलेक्टर की पहल से मिली बड़ी राहत


डिजिटल डेस्क मऊगंज देश की सीमाओं पर अपनी जवानी और खून का एक-एक कतरा देश सेवा में लगाने वाले भूतपूर्व सैनिकों के सम्मान और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए मऊगंज जिला प्रशासन ने एक अनुकरणीय पहल की है। मऊगंज कलेक्टर संजय जैन ने जिले के पूर्व सैनिकों की जायज और लंबित समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए, हर महीने के पहले मंगलवार को उनसे अलग से मुलाकात करने और उनकी समस्याओं को सीधे सुनने का दिन तय किया है।

रिटायरमेंट के बाद जमीन विवाद से परेशान हैं सैनिक इस विशेष जनसुनवाई में पहुँचे पूर्व सैनिकों ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा, "भारत माता की रक्षा करते समय हम सीमा की एक-एक इंच जमीन के लिए अपने शरीर का एक-एक टुकड़ा कुर्बान करने को तैयार रहते हैं। लेकिन जब हम सेना से सेवानिवृत्त (रिटायर) होकर घर वापस आते हैं, तो पता चलता है कि हमारी ही गैर मौजूदगी में पड़ोसियों या बिचौलियों द्वारा हमारी जमीनों पर कब्जा कर लिया गया है या उन्हें हड़प लिया गया है।

सैनिकों ने बताया कि अपनी ही जमीन को वापस पाने के लिए उन्हें एसडीएम कार्यालय, तहसील और जनपद पंचायत के चक्कर काटने पड़ते हैं, जिससे उन्हें मानसिक रूप से बेहद ठेस पहुँचती है।

कलेक्टर की पहल से मिली बड़ी राहत सैनिकों की इस विकट परिस्थिति और उनकी पीड़ा को समझते हुए कलेक्टर संजय जैन ने जनसुनवाई के दौरान पूर्व सैनिकों के लिए यह विशेष सत्र शुरू किया है। इस पहल के तहत कलेक्टर न केवल व्यक्तिगत रूप से उनकी समस्याएं सुन रहे हैं, बल्कि संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दे रहे हैं। प्रशासन के इस कदम से पूर्व सैनिकों के प्रति समाज में एक सकारात्मक और सम्मानजनक संदेश गया है।

अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने जताया आभार कलेक्टर की इस संवेदनशील और त्वरित कार्यप्रणाली की अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के पदाधिकारियों ने मुक्तकंठ से सराहना की है। परिषद के सदस्यों का कहना है कि मऊगंज जिला प्रशासन की यह पहल पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल है और इससे देश के रक्षकों को अपने ही घर में न्याय के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।


Created On :  

Tags

Next Story