मऊगंज न्यूज: मऊगंज में प्रशासनिक अमले ने आदिवासियों के साथ मनाई दीपावली;

डिजिटल डेस्क मऊगंज जिला प्रशासन ने इस बार की दीपावली को समाज के अंतिम छोर पर बैठे लोगों के लिए बेहद खास और ऐतिहासिक बना दिया। जिले के कलेक्टर राजेश कुमार ओगारे एवं पुलिस अधीक्षक (SP) मनोहर सिंह मंडलोई स्वयं हनुमना ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बहुती के 'आदिवासी बस्ती प्लांट' पहुंचे। यहाँ प्रशासनिक अधिकारियों ने न सिर्फ आदिवासी परिवारों और उनके मासूम बच्चों के बीच दीपोत्सव का त्यौहार मनाया, बल्कि उन्हें उनके कानूनी अधिकार की बड़ी सौगात भी दी।
बच्चों के चेहरे पर लौटी मुस्कान, बांटी गई मिठाइयाँ
आदिवासी बस्ती में पहुंचे कलेक्टर और एसपी ने वहाँ मौजूद बच्चों और उनके परिवारों के साथ सीधा संवाद किया। त्योहार की खुशियों को साझा करते हुए अधिकारियों ने बच्चों को मिठाइयाँ और पटाखे बांटी, जिससे बच्चों के चेहरे खिल उठे। प्रशासन के इस आत्मीय व्यवहार से पूरी बस्ती में उत्सव और हर्षोल्लास का माहौल देखा गया।
सालों का इंतजार खत्म: आदिवासियों को सौंपी गई भूमि की रजिस्ट्री
इस पावन अवसर पर केवल खुशियाँ ही नहीं बांटी गईं, बल्कि आदिवासियों को एक बड़ा कानूनी अधिकार भी सौंपा गया। कलेक्टर राजेश कुमार ओगारे और एसपी मनोहर सिंह मंडलोई ने बस्ती के पात्र आदिवासी परिवारों को उनकी जमीनों व आवासों की मूल रजिस्ट्रियां (पट्टे) अपने हाथों से सौंपी। सालों से अपनी जमीन के मालिकाना हक का इंतजार कर रहे आदिवासियों के लिए यह दीपावली का सबसे बड़ा और यादगार तोहफा साबित हुआ।
विश्वास और सुरक्षा की भावना हुई मजबूत
प्रशासनिक अमले के इस संवेदनशील कदम की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जिले के शीर्ष अधिकारियों का उनके बीच आकर त्योहार मनाना और जमीन के कागजात सौंपना यह दर्शाता है कि शासन-प्रशासन उनके कल्याण के लिए पूरी तरह गंभीर है। इस आयोजन से न केवल समाज के वंचित तबके में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हुई है, बल्कि शासन की योजनाओं का सीधा लाभ भी उन तक पारदर्शी तरीके से पहुंचा है।
Created On :  
